9 मई 2024 - 04:45
अंबानी अडानी के यहाँ ईडी सीबीआई भेजो, मोदी को राहुल गाँधी का चैलेंज

आम तौर पर, आप बंद दरवाजों के पीछे अडानी और अंबानी के बारे में बात करते हैं, लेकिन पहली बार आपने सार्वजनिक रूप से अडानी और अंबानी के बारे में बात की है। देश जानता है कि भाजपा के भ्रष्टाचार की टेंपो का चालक और हेल्पर कौन है।

देश में चल रहे आम चुनावों के बीच प्रमुख राजनैतिक दलों के बीच आरोप प्रत्यारोप का दौर जारी है। ऐसे में प्रधानमंत्री मोदी के अडानी अंबानी को लेकर दिया गया बयान मीडिया की सुर्ख़ियों में बना हुआ है।

2014 से पहले से ही अडानी और अंबानी पर हमलावर रहे राहुल गाँधी पर आरोप लगाते हुए मोदी ने कहा कि मैं पूछना चाहता हूं तेलंगाना की धरती, शहजादा को घोषणा करने दीजिए कि अंबानी-अडानी से कितना पैसा उठाया गया है। क्या कांग्रेस के पास इतने सारे नोट पहुंच गए हैं कि रातोंरात अंबानी-अडानी को गाली देना बंद हो गया है। मोदी ने जरूर दाल में कुछ काला है। आपने उन्हें पांच साल गालियां दी और रातों-रात आप चुप हो गए।

मोदी के बयान पर पलटवार करते हुए राहुल ने कहा कि पीएम मोदी को सीबीआई और ईडी को इनके पास भेजना चाहिए और पूरी जांच करना चाहिए। उन्होंने कहा कि आप घबराइये मत और सीबीआई और ईडी को इनके पास भेजकर जांच कराएं।

राहुल ने अपनी बात जारी रखते हुए कहा कि मोदी जी, क्या आप डरे हुए हैं? आम तौर पर, आप बंद दरवाजों के पीछे अडानी और अंबानी के बारे में बात करते हैं, लेकिन पहली बार आपने सार्वजनिक रूप से अडानी और अंबानी के बारे में बात की है। यह तो आप भी जानते हैं कि टेम्पो में पैसे देते हैं। क्या यह आपका व्यक्तिगत अनुभव है? देश जानता है कि भाजपा के भ्रष्टाचार की टेंपो का चालक और हेल्पर कौन है।