1 जनवरी 2024 - 04:25
यमन की नौकाओं पर अमेरिका का आतंकी हमला, 10 जवान शहीद

लाल सागर में ज़ायोनी जहाजों का समर्थन करने के लिए अमेरिकी दुश्मन की हरकतें यमन को फिलिस्तीन का समर्थन और मदद करने के अपने कर्तव्य को पूरा करने से नहीं रोकेंगी।

अमेरिका ने ग़ज़्ज़ा में जनसंहार मचा रहे इस्राईल के समर्थन में एक बार फिर खुल कर मैदान में उतरते हुए फिलिस्तीन का समर्थन कर रहे यमन के खिलाफ आतंकी कार्रवाई करते हुए लाल सागर में यमन सेना की नौकाओं पर हमला किया जिसमे 10 लोग शहीद हो गए।

यमन के सैन्य प्रवक्ता याह्या सरीअ ने अल-मसीरा टीवी पर प्रसारित एक बयान में कहा कि अमेरिकी सेना ने हमारी तीन नौकाओं पर हमला किया। उन्होंने कहा कि यमन सेना फिलिस्तीनी लोगों के प्रति एकजुटता और समर्थन में ज़ायोनी राष्ट्र से संबंधित जहाजों को लाल सागर से गुजरने से रोकने के लिए अपने मानवीय और नैतिक कर्तव्य का पालन कर रही थी।

यमन सेना के प्रवक्ता ने कहा की अमेरिकी दुश्मन अपने अपराध का परिणाम देखेगा। लाल सागर में ज़ायोनी जहाजों का समर्थन करने के लिए अमेरिकी दुश्मन की हरकतें यमन को फिलिस्तीन का समर्थन और मदद करने के अपने कर्तव्य को पूरा करने से नहीं रोकेंगी।

सरीअ ने कहा, हम अन्य देशों को चेतावनी देते हैं कि वे अमेरिका की खतरनाक कार्रवाइयों में भाग न लें, क्योंकि इस कार्रवाई के नकारात्मक परिणाम होंगे जो सभी को प्रभावित करेंगे।