30 दिसंबर 2023 - 10:06
ईरान ने मोसाद के जासूसों पर कसा शिकंजा, 4 को दी फांसी

मिजान ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि इस ग्रुप ने ईरान की सुरक्षा के खिलाफ व्‍यापक कार्रवाई की थी। इनको मोसाद से निर्देश मिल रहे थे।


ईरान ने देश की सुरक्षा को खतरे में डालने, सुरक्षा बलों के अपहरण और दुश्मन देश के लिए जासूसी करने के अपराध में 3 पुरुषों और 1 महिला को फांसी पर लटका दिया है। ईरान का कहना है कि ये लोग ज़ायोनी खुफिया एजेंसी मोसाद के लिए जासूसी कर रहे थे। ईरान न्‍यायपालिका से जुड़ी न्‍यूज एजेंसी मिजान ने इसकी जानकारी देते हुए कहा है कि इन सभी को शुक्रवार को फांसी दी गई है।

रिपोर्ट में कहा गया है कि इनमें से तीन की पहचान वफा हनारेह, अराम उमरी और रहमान परहाजो के रूप में हुई है। इसके अलावा एक महिला को भी फांसी दी गई जिसकी पहचान नसीम  नमाज़ी के रूप में हुई है।

मिजान ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि इस ग्रुप ने ईरान की सुरक्षा के खिलाफ व्‍यापक कार्रवाई की थी। इनको मोसाद से निर्देश मिल रहे थे। इन पर ईरानी सुरक्षाबलों के अपहरण का भी आरोप लगाया गया है। वे सुरक्षाकर्मियों का अपहरण करके उनसे सूचनाएं निकलवाते थे। इस ग्रुप के साथ काम करने वाले कई अन्‍य लोगों को 10 साल जेल की सजा सुनाई गई है।