23 दिसंबर 2023 - 07:52
सीरिया पर इस्राईल के मिसाइल हमले, रूस ने परिणाम को लेकर दी चेतावनी

सीरियाई लोगों के साथ-साथ ग़ज़्ज़ा के निवासियों की पीड़ा हमारे पश्चिमी समकक्षों के लिए कोई महत्व नहीं रखती है। उन्हें केवल अपने भू-राजनीतिक खेल और क्षेत्र में अपने भाड़े के सैनिकों का समर्थन करने की फ़िक्र है

रूस ने इस्राईल की आतंकी कार्रवाई को लेकर खबरदार करते हुए कहा है कि ग़ज़्ज़ा में जारी नरसंहार, लेबनान सीमा पर झड़पें और सीरिया पर निरंतर मिसाइल हमले हमारे मित्र देश को संकट में डाल सकते हैं।

संयुक्त राष्ट्र में रूस के स्थायी प्रतिनिधि दिमित्री पॉलींस्की ने अपने बयान में कहा: "फिलिस्तीन और इस्राईल के बीच संघर्ष के नतीजे में जान गंवाने वाले पीड़ितों की संख्या अभूतपूर्व है। क्षेत्र में इस्राईल की कार्रवाई से हमारा मित्र सीरिया भी पीड़ित है और ग़ज़्ज़ा पट्टी, वेस्ट बैंक के साथ दमिश्क़ पर हमले इलाक़े में तनाव को और बढ़ा देगा।

सीरिया के खिलाफ "ज़ायोनी वायु सेना के बढ़ते हमलों के साथ-साथ "लेबनान और इस्राईल के बीच तनाव, क्षेत्र में जवाबी हमलों में वृद्धि, सीरिया को क्षेत्रीय संघर्ष में घसीटे जाने का खतरा बढ़ा रहे है, और हम इसकी अनुमति नहीं दे सकते।

रूसी दूत ने पश्चिमी जगत पर कटाक्ष करते हुए कहा कि सीरियाई लोगों के साथ-साथ ग़ज़्ज़ा के निवासियों की पीड़ा हमारे पश्चिमी समकक्षों के लिए कोई महत्व नहीं रखती है। उन्हें केवल अपने भू-राजनीतिक खेल और क्षेत्र में अपने भाड़े के सैनिकों का समर्थन करने की फ़िक्र है फिर चाहे इसके नतीजे में चाहे कितने ही जघन्य अपराध और जनसंहार होता रहे।