16 दिसंबर 2023 - 05:47
कोरोना महामारी की वापसी, सिंगापुर में 56 हज़ार से अधिक मामले

अधिकतर संक्रमित मरीज कोरोना के वैरिएंट जेएन.1 से संक्रमित हैं, जो कि बीए.2.86 से संबंधित है। अभी तक की जांच में यह पता चला है कि यह वैरिएंट बहुत ज्यादा एक मरीज से दूसरे में स्थानांतरित नहीं होता।

कोरोना महामारी एक बार फिर डरा रही है। सिंगापुर में कोरोना के मामले बढ़कर 56 हजार के पार चले गए हैं। हालाँकि यह आंकड़े बीते हफ्ते के हैं। उससे पिछले हफ्ते यह आंकड़ा 32 हजार था। सिंगापुर के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, बीते हफ्ते में देश में कोरोना के मामलों में 75 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। कोरोना के बढ़ते मामलों के चलते सिंगापुर के स्वास्थ्य मंत्रालय ने 19 दिसंबर से रोजाना कोरोना अपडेट जारी करने का फैसला किया है।

सिंगापुर की सरकार ने लोगों को भीड़भाड़ वाले इलाकों में मास्क पहनने की सलाह दी है। अगर लोग बीमार नहीं हैं तब भी उन्हें मास्क पहनने को कहा जा रहा है। खासकर बुजुर्ग लोगों के साथ रहने वाले लोगों को घर के अंदर भी मास्क पहनने को कहा गया है।

बताया जा रहा है कि अधिकतर संक्रमित मरीज कोरोना के वैरिएंट जेएन.1 से संक्रमित हैं, जो कि बीए.2.86 से संबंधित है। अभी तक की जांच में यह पता चला है कि यह वैरिएंट बहुत ज्यादा एक मरीज से दूसरे में स्थानांतरित नहीं होता।