16 दिसंबर 2023 - 04:38
तुर्की की दो टूक, इस्राईल के कहने पर ही जोड़ा था हमास से रिश्ता

हम आज अलग हालात में इस मुद्दे पर बात कर रहे हैं लेकिन वास्तविकता यह है कि करीब 10 साल पहले इस्राईल सरकार ने खुद हमसे हमास के साथ जुड़ने और उनके साथ काम करने के लिए कहा था।

हमास के तूफ़ान अल अक़्सा सैन्य अभियान के समय इस्माइल हनियाह तुर्की में थे या नहीं ? इन सवालों के जवाब में तुर्की के राष्ट्रपति अर्दोग़ान के सुरक्षा सलाहकार ने हमास कमांडरों की मेजबानी करने के अपने देश के फैसले का बचाव किया है।

उन्होंने कहा कि हमास के सदस्य स्वतंत्र रूप से तुर्की से आ सकते हैं। तुर्की शांति लाने के लिए हमास के साथ जुड़ रहा है और इसके वरिष्ठ लोगों ने समय-समय पर तुर्की के राष्ट्रपति से मुलाकात की भी है।

उन्होंने कहा कि मुद्दा यह नहीं है कि हमास के लोग अब कहां हैं और किस समय कहां थे। मुद्दा यह है कि हम उस युद्ध को कैसे रोक सकते हैं जो ग़ज़्ज़ा में चल रहा है और हम कैसे इस संघर्ष का हल निकाल सकते हैं। उन्होंने कहा हम चाहते हैं कि युद्ध रुके और शांति आए।

तुर्क अधिकारी ने कहा कि कई देश हमास को एक आतंकवादी समूह मानते हैं लेकिन तुर्की नहीं मानता। उन्होंने कहा कि हम आज अलग हालात में इस मुद्दे पर बात कर रहे हैं लेकिन वास्तविकता यह है कि करीब 10 साल पहले इस्राईल सरकार ने खुद हमसे हमास के साथ जुड़ने और उनके साथ काम करने के लिए कहा था।