14 दिसंबर 2023 - 05:59
श्रीलंकाई नौसेना ने फिर भारतीय मछुआरों को हिरासत में लिया

कुछ दिन पहले ही तमिलनाडु के 12 और पुडुचेरी के 13 मछुआरों को श्रीलंकाई नौसेना ने हिरासत में लिया था। इससे पहले अक्तूबर में तीन अलग-अलग गिरफ्तारियों में कुल 64 मछुआरों को गिरफ्तार किया गया था।

श्रीलंका की नौसेना ने एक बार फिर भारतीय मछुआरों को हिरासत में ले लिया है एक हफ्ते में यह दूसरा अवसर है जब श्रीलंका की सेना ने भारतीय मछुआरों को हिरसत में लिया है।

तमिलनाडु के कम से कम छह भारतीय मछुआरों को श्रीलंकाई नौसेना ने श्रीलंका में कांकेसंथुराई क्षेत्र के पास उनके ट्रॉलर सहित हिरासत में ले लिया। पकड़े गए सभी मछुआरे अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में मछली पकड़ रहे थे।

श्रीलंकाई नौसेना के अनुसार, मछुआरे कथित तौर पर अवैध शिकार में शामिल थे जिसके चलते उन्हें एक विशेष अभियान के बाद कारीनगर में कोविलन लाइटहाउस से हिरासत में लिया गया था।

स्थानीय मछुआरों की आजीविका और देश के समुद्री संसाधनों पर इन प्रथाओं के परिणामों को ध्यान में रखते हुए, नौसेना विदेशी मछली पकड़ने वाले ट्रॉलरों द्वारा अवैध मछली पकड़ने की प्रथाओं को रोकने के लिए श्रीलंकाई जल में नियमित गश्त और अभियान चलाती रहती है।

नौसेना ने कहा कि हिरासत में लिए गए मछुआरों को कंकासंथुराई बंदरगाह लाया गया और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए उन्हें मैलाडी मत्स्य निरीक्षक को सौंप दिया जाएगा। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही तमिलनाडु के 12 और पुडुचेरी के 13 मछुआरों को श्रीलंका के प्वाइंट पेड्रो शहर के पास श्रीलंकाई नौसेना ने हिरासत में लिया था।

इससे पहले अक्तूबर में, श्रीलंकाई नौसेना द्वारा तीन अलग-अलग गिरफ्तारियों में कुल 64 मछुआरों को गिरफ्तार किया गया था।