पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के बाजौर में हुए बम विस्फोट में अब तक 44 लोगों की मौत हो चुकी है और करीब 200 लोग घायल बताए जा रहे हैं। इस विस्फोट से जुड़े वीडियो बताकर कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।
यह विस्फोट जमीयत उलमा इस्लाम-फ की रैली में हुआ। यह पार्टी पाकिस्तान के सत्ताधारी गठबंधन की सहयोगी है और इसके नेता मौलाना फजलुर रहमान हैं।
वीडियो में दिख रहा है कि जमीयत उलमा इस्लाम-फ की खैबर पख्तूनख्वा के बाजौर में रैली हो रही थी। मंच पर नेता बोल रहे थे और लोगों की भीड़ उन्हें सुन रही थी। इसी दौरान लोगों की भीड़ में मौजूद एक आत्मघाती हमलावर ने विस्फोट कर दिया। विस्फोट के वक्त काफी संख्या में लोग मौजूद थे, यही वजह है कि विस्फोट में ज्यादा लोग हताहत हुए।
पाकिस्तानी पुलिस ने बयान में कहा है कि हमले को एक आत्मघाती हमलावर ने अंजाम दिया। हमलावर विस्फोटक से लैस जैकेट पहनकर रैली में पहुंचा था और रैली के दौरान जब वहां काफी संख्या में लोग मौजूद थे, उसी वक्त उसने विस्फोट कर दिया। हमलावर ने मंच के करीब विस्फोट किया, जिसकी वजह से जमीयत उलेमा इस्लाम के कई नेता इस विस्फोट की चपेट में आए हैं। पार्टी के नेता मौलाना फजलुर रहमान रैली में मौजूद नहीं थे।