सीरियाई राष्ट्रपति ने शुक्रवार को सऊदी अरब के शहर जेद्दाह में आयोजित होने वाले अरब लीग के 32वें सम्मेलन में भाग लिया।
अरब लीग के शिखर सम्मेलन को संबोधित करते हुए बशार असद ने कहा कि यह सम्मेलन क्षेत्रीय मुद्दों के समाधान के लिए एक ऐतिहासिक अवसर है।
सीरियाई राष्ट्रपति का कहना था कि यह हमारे बीच एकजुटता, हमारे क्षेत्र में शांति, विकास और समृद्धि के लिए एक नए चरण की शुरुआत का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि सीरिया हमेशा से अरब जगत का हिस्सा रहा है, लेकिन इसी के साथ उन्होंने क्षेत्रीय देशों से एक दूसरे के देश के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप नहीं करने की अपील की।
असद का कहना था कि बेहतर होगा आंतरिक मामलों को संबंधित देश के लोगों पर छोड़ देना चाहिए, क्योंकि वही इसका बेहतरीन समाधान निकाल सकते हैं।
ग़ौरतलब है कि इस सम्मेलन के मेज़बान देश सऊदी अरब समेत कई अरब देशों ने सीरिया में गृह युद्ध के दौरान, बशार असद के विरोधी सशस्त्र गुटों का समर्थन किया था।
सऊदी क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने सम्मेलन के शुरू होने से पहले आगे बढ़कर सीरियाई राष्ट्रपति असद का स्वागत किया और उन्हें गले लगाया।
एमबीएस ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि अरब लीग में सीरिया की वापसी से देश में जारी संकट के समाधान में मदद मिलेगी। msm
342/