12 मई 2023 - 11:56
ईरान और सऊदी अरब के बीच संबंधों की बहाली से दोनों देशों, क्षेत्र और मुस्लिम जगत को होगा फ़ायदा

ईरान के विदेश मंत्री हुसैन अमीर अब्दुल्लाहियान का कहना है कि तेहरान, जल्द ही रियाज़ में अपना राजदूत तैनात करेगा।

ग़ौरतलब है कि मार्च में बीजिंग में ईरान और सऊदी अरब के बीच 7 साल के बाद, कूटनीतिक संबंधों की बहाली का समझौता हुआ था।

आईसीएएनए न्यूज़ एजेंसी के साथ इंटरव्यू में ईरानी विदेश मंत्री ने कहा कि सऊदी अरब में ईरानी दूतावा को फिर से खोले जाने की विस्तृत जानकारी जल्द ही सार्वजनिक कर दी जाएगी।

उन्होंने कहाः ईरान और सऊदी अरब के बीच संबंधों की बहाली से बड़ी संभावनाएं उत्पन्न होंगी, जिससे दोनों देशों, क्षेत्र और मुस्लिम जगत को लाभ पहुंचेगा।

इससे पहले सोमवार को ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता नासिर कनानी ने कहा था कि सऊदी अरब में दूतावास को फिर से खोले जाने की प्रक्रिया अच्छी तरह से आगे बढ़ रही है।

कनानी का कहना था कि दूतावास को खोले जाने की तैयारी अंतिम चरण में है और बहुत ही जल्द इसकी आधिकारिक घोषणा भी कर दी जाएगी।

तेहरान और रियाज़ के तकनीकी प्रतिनिधिमंडलों ने दूतावासों को फिर से खोले जाने की व्यवस्था की निगरानी के लिए पिछले हफ्तों में राजनयिक मिशनों का दौरा किया था।

कई दिनों की गहन वार्ता के बाद 10 मार्च को चीन की मेज़बानी में ईरान और सऊदी अरब अपने राजनयिक संबंधों को बहाल करने और अपने दूतावासों को फिर से खोलने पर सहमत हुए थे। msm

342/