रूस के उप विदेश मंत्री मिखाइल बोगदानोफ़ ने कहा कि हमे सीरिया संकट पर तुर्की, ईरान रूस और दमिश्क़ के साथ होने वाली बैठक के बारे में अभी तक ईरान और दमिश्क़ की ओर से कोई जवाब नहीं मिला है।
उन्होंने कहा कि हमने अपने तुर्क दोस्तों के साथ बातचीत की है और हम एक नतीजे तक पहुँच भी चुके हैं। लेकिन हमे इस बारे में अभी तक दमिश्क़ और तेहरान के जवाब का इंतज़ार है।
वहीँ इस बैठक के बारे में ईरान के रुख को बयान करते हुए तुर्की में अपने समकक्ष के साथ प्रेस कांफ्रेंस कर रहे हुसैन अमीर अब्दुल्लाहियान ने कहा कि हम रूस - तेहरान - दमिश्क़ और तुर्की के बीच बातचीत का समर्थन करते हैं।
तुर्क विदेश मंत्री ने भी कहा कि ईरान ने इस मीटिंग को लेकर उम्मीदें जताई हैं तेहरान इस बैठक में हिस्सा लेगा और हम इसका स्वागत करते हैं। उन्होंने कहा कि आस्ताना शिखर वार्ता को जारी रख कर ही सीरिया संकट को हल किया जा सकता है।
सीरिया और तुर्की में आए विनाशकारी ज़लज़ले के बाद ईरान की ओर से मिलने वाली मदद पर शुक्रिया अदा करते हुए तुर्क विदेश मंत्री मौलूद चावूश ओग़लू ने कहा कि हम ईरान का शुक्रिया अदा करते हैं। ईरान ने इस मुश्किल वक़्त में हमे दवा, खाना, कंबल और ज़रूरत का सभी सामान पहुँचाया। ईरान ने सिर्फ हवाई रास्तों से ही नहीं बल्कि अपनी ज़मीनी सरहदों के रास्ते भी हम तक मदद पहुंचाई। उन्होंने कहा कि ईरान सरकार के साथ साथ ईरान की जनता ने भी तुर्की की मदद में कोई कसर नहीं छोड़ी।
हुसैन अमीर अब्दुल्लाहियान ने भी इलाक़ाई मुद्दों पर बात करते हुए कहा कि हमे इलाक़े में होड़ और कम्पटीशन के मुक़ाबले आपसी सहयोग को बढ़ावा देना चाहिए।
काकेशस इलाक़े में इस्राएल की मौजूदगी पर कड़ा रुख अपनाते हुए अब्दुल्लाहियान ने कहा कि इस इलाक़े में इस्राएल की मौजूदगी एक अहम मुद्दा है और हम सभी पक्षों को खबरदार कर रहे हैं कि ज़रा होशियारी से काम लें और इस इलाक़े में इस्राईल को जड़ें जमाने का मौक़ा न दें।