समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक एम्स की ओर से यह जानकारी दी गई है।
सोमवार को सूत्रों ने बताया कि सिंह को हल्का बुख़ार है और जांच में उनके कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। फ़िलहाल वह चिकित्सकों की निगरानी में हैं और उनका इलाज जारी है।
पिछले साल नई दवा के कारण रिएक्शन और बुख़ार होने के बाद 87 वर्षीय सिंह को एम्स में भर्ती कराया गया था। कई दिनों के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिली थी। मनमोहन सिंह कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हैं और फ़िलहाल राजस्थान से राज्यसभा सदस्य हैं।
वह 2004 से 2014 तक तक भारत के प्रधानमंत्री रहे हैं।
इससे एक दिन पहले ही उन्होंने देश में कोविड-19 महामारी के बेक़ाबू हालात से निपटने के लिए पांच उपाय सुझाते हुए प्रधानमंत्री नरेद्र मोदी को पत्र लिखकर इस बात पर ज़ोर दिया था कि महामारी से मुक़ाबले के लिए टीकाकरण तथा दवाओं की आपूर्ति बढ़ाना महत्वपूर्ण होगा।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने प्रधानमंत्री को लिखे पत्र में कहा था कि केवल कुल संख्या को नहीं देखना चाहिए, बल्कि कितने प्रतिशत आबादी को टीका लग चुका है, यह देखा जाना चाहिए।