27 मार्च 2021 - 17:32
पश्चिम बंगाल और असम विधानसभा चुनाव, पहले चरण के लिए मतदान, पश्चिम बंगाल में वोट फ़ीसद बदलने की शिकायत

पश्चिम बंगाल और असम में विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए मतदान हुए।

शनिवार को पश्चिम बंगाल में पहले चरण के मतदान में शाम पाँच बजे तक 77.99 फ़ीसद वोट पड़े। राज्य में छिटपुट हिंसक घटनाओं की भी रिपोर्ट मिली हैं। पश्चिम बंगाल में पहले चरण में पुरूलिया की 9, बांकुड़ा की 4, झाड़ग्राम की 4, पश्चिमी मेदिनीपुर की 6 और पूर्वी मेदिनीपुर की अति महत्वपूर्ण 7 सीटों के लिए मतदान हुआ। नंदीग्राम में सत्ताधारी टीएमसी और बीजेपी कार्यकर्ताओं के बीच मारपीट की रिपोर्ट है, जिसमें कम से कम 3 लोग घायल हुए।

इसे भी पढ़ियेः हम सिर्फ़ भाजपा को वोट न देने की अपील कर रहे हैं, किसी ख़ास पार्टी को वोट देने के लिए नहीं कह रहे हैंः किसान नेता टिकैत

उधर टीएमसी के सांसद डेरेक ओ ब्रायन ने चुनाव आयोग को ख़त लिखकर कई जगहों पर लगातार वोट फ़ीसद बदलने की शिकायत की है। उन्होंने कहा की कांथी दक्षिण और कांथी उत्तर में सुबह 9 बजकर 13 मिनट पर वोटर टर्नआउट क्रमशः 18.47 फ़ीसदी और 18.59 फ़ीसदी रहा था, लेकिन चार मिनट बाद इसे बदलकर 10.60 फ़ीसदी ओर 9.40 फ़ीसदी कर दिया गया। यह गड़बड़ी इलेक्शन कमीशन के डेटा पर सवाल खड़े करता है। पश्चिम बंगाल में 8 चरण में विधानसभा चुनाव होंगे।

असम विधानसभा में पहले चरण के लिए शाम साढ़े 5 बजे तक 72.16 वोटिंग हुयी। पहले चरण के लिए 47 सीटों पर मतदान हुए।  असम में 3 चरणों के लिए विधानसभा चुनाव होंगे। दूसरे चरण के लिए 1 अप्रैल और तीसरे चरण में 6 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे।