आयतुल्लाहिल उज़्मा सैयद अली ख़ामेनेई ने बुधवार को धार्मिक शायरों के साथ वीडियो कांफ़्रेंसिंग के माध्यम से पैग़म्बरे इस्लाम (स) की सुपुत्री हज़रत फ़ातेमा ज़हरा के शुभ जन्म दिवस पर बधाई पेश की।
वरिष्ठ नेता ने इसी प्रकार स्वर्गीय इमाम ख़ुमैनी के शुभ जन्म दिवस और महिला के महत्व के बारे में कहा कि इस्लाम की दृष्टि में ईश्वरीय मूल्यों के हिसाब से महिला और पुरूष में कोई अंतर नहीं है। हालांकि दायित्वों के निर्वाह में उनके कर्तव्य अलग-अलग हैं। यही कारण है कि दोनों की शारीरिक बनावट में अंतर है।
इस्लामी क्रांति के वरिष्ठ नेता आयतुल्लाहिल उज़्मा सैयद अली ख़ामेनेई ने बताया कि इस्लाम ने जिस दृष्टि से महिला को देखा है उसपर हम गर्व करते हैं जबकि महिला के संबन्ध में पश्चिम की जो दृष्टि है उसका हम विरोध करते हैं।
उन्होंने पश्चिम के इस दुष्प्रचार का उल्लेख करते हुए कि हिजाब, महिला के विकास की मूल बाधा है कहा कि यह सफेद झूठ है। उनका कहना था कि ईरान में महिलाओं के हर क्षेत्र में विकास से इस सफ़ेद झूठ को समझा जा सकता है।
वरिष्ठ नेता का कहना है कि वर्तमान समय में ईरान में सामाजिक, सांस्कृतिक, कला, विज्ञान, अर्थव्यवस्था और राजनीति क्षेत्रों में जितनी शिक्षित महिलाएं सक्रिय हैं वे इतिहास के किसी भी चरण में नहीं रही हैं।
आयतुल्लाहिल उज़्मा सैयद अली ख़ामेनेई ने बताया कि महिला के बारे में इस्लाम के दृष्टिकोण ने मां की केन्द्रीय भूमिका को उजागर किया। उन्होंने कहा कि पश्चिम के संचार माध्यम और देश के भीतर पश्चिम से प्रभावित लोगों का यह प्रयास है कि परिवार में मां की केन्द्रीय भूमिका को प्रभावहीन बनाया जाए।
इस्लामी क्रांति के वरिष्ठ नेता आयतुल्लाहिल उज़्मा सैयद अली ख़ामेनेई ने हज़रत फ़ातेमा ज़हरा, हज़रत अली अलैहिस्सलाम और उनकी संतान को इस्लाम का आदर्श परिवार बताया।