19 जनवरी 2021 - 15:32
अमरीका के पास अत्यधिक दबाव की नीति छोड़ने के सिवा कोई रास्ता नहीं हैः ईरान सरकार के प्रवक्ता

ईरान सरकार के प्रवक्ता अली रुबैई ने मंगलवार को साप्ताहिक प्रेस कॉन्फ़्रेंस में कहा कि ईरानी राष्ट्र के ख़िलाफ़ अमरीका की अत्यधिक दबाव की नीति फ़ेल हो गयी है और वॉशिंग्टन सरकार के पास इस नीति को छोड़ने के सिवा कोई रास्ता नहीं है।

उन्होंने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ़्रेंस में ईरान के संबंध में जो बाइडेन के रवैये के बारे में सवाल के जवाब में कहा कि बाइडेन और उनकी टीम ने चुनाव अभियान और उसके बाद अलग अलग मौक़ों पर परमाणु समझौते जेसीपीओए में लौटने के बारे में बातें कहीं, लेकिन जब तक जेसीपीओए के तहत अमरीकी पाबंदियाँ नहीं हटतीं, उस वक़्त तक इन बातों की कोई अहमियत नहीं है।

ईरान सरकार के प्रवक्ता ने कहा कि जहाँ तक ईरान से संबंध है तो ईरान पर ज़्यादा से ज़्यादा दबाव की नीति और इन वर्षों में ट्रम्प सरकार की नीति नाकाम रही है और अमरीका के सामने, शांति व सुरक्षा को ख़तरे में डालने वाली नीति को छोड़ने के सिवा कोई रास्ता नहीं है।

अली रुबैई ने कहा कि अमरीकी विदेश मंत्री, ट्रम्प सरकार के आख़िरी दिनों में, पिछले 4 साल की नीतियों में सुधार के रास्ते में मुश्किलें खड़ी करने की कोशिश में हैं लेकिन यह हमारी चिंता का विषय नहीं है, क्योंकि अगर बाइडन सरकार का इन ग़लतियों को सुधारने का इरादा होगा तो वह इन बचकाना जाल में फंसने से बचेगी और ऐसा काम करेगी जो अमरीकी जनता सहित क्षेत्र की जनता के हित में होगा।

ईरान सरकार के प्रवक्ता ने कहा कि यह सच्चाई कभी नहीं बदल सकती कि ईरानी जनता पर ज़्यादा से ज़्यादा दबाव की नीति, इतिहास में बड़ी बदनामी के रूप में दर्ज हो गयी है और इस बदनामी का दाग़ सिर्फ़ उन पर नहीं लगा है जिन्होंने हमारी निर्दोष जनता को अभूतपूर्व पीड़ा पहुंचायी, बल्कि, उन पर भी, जो फ़ारसी और ग़ैर फ़ारसी भाषाओं के मीडिया में इस आधुनिक बर्बरता का बड़ी बेशर्मी से समर्थन करते रहे।