15 दिसंबर 2020 - 16:05
    रोहिंग्या पलायनकर्ताओं की दर्दनाक वीडिया...बेरहमी से पीट रहे हैं तस्कर..नौका पर दर्जनों ने गवांई जान

रोहिंग्या पलायनकर्ताओं की एक वीडियो सामने आई है जिसमें फ़िशिंग बोट में सवार पलायनकर्ताओं को मानव तस्कर बुरी तरह पीट रहे हैं।

फ़िशिंग बोट पर क्षमता से अधिक रोहिंग्या पलायनकर्ताओं को सवार किया गया है और तस्कर उनकी पिटाई कर रहे हैं। यह वीडिया एक मानव तस्कर ने मोबाइल फ़ोन से बनाई है जो बाद में बोट से फ़रार हो गया।

वीडियो में दिखाया गया है कि पहले बहस शुरू होती है जिसके बाद तस्कर बेल्ट और एक मोटी रस्सी से पिटाई शुरु कर देता है।

इस पूरे प्रकरण की समाचार एजेंसी एएफ़पी ने जांच की और उन पलायनकर्ताओं तक पहुंच गई जिन्हें वीडियो में पिटते दिखाया गया है। बांग्लादेश में एक शरणार्थी कैंप में 16 साल के मुहम्मद उसमान नाम के पलायनकर्ता ने बताया कि खाने के बारे में शिकायत की वजह से तस्कर ने पिटाई शुरू कर दी। उसने बताया कि हमारा पेट नहीं भरा था इसलिए हम थोड़ा और खाना मांग रहे थे तो स्मगलर ने पिटाई शुरू कर दी।

उसमान के पड़ोसी इनामुल हसन ने बताया कि तस्कर फ़िशिंग बोट में उन्हें मलेशिया लेकर जा रहे थे मगर यह बोट वापस बांग्लादेश लौटा दी गई। इनामुल हसन ने बताया कि जिस घटना की वीडियो बनाई गई उससे पहले भी तस्करों ने उनकी बुरी तरह पिटाई की थी जिसमें कुछ पलायन कर्ता मर गए थे। हसन और उसमान का कहना है कि हमारी नौका पर सवार 46 पलायनकर्ताओं की पिटाई, भूख और बीमारी के कारण मौत हो गई।

 

 

एएफ़पी का कहना है कि इस बात की स्वतंत्र रूप से जांच तो नहीं हो पाई लेकिन उसने अलग से कुछ पलायनकर्ताओं से बात की तो उन्होंने भी लगभग यही सब कुछ बताया। हसन और उसमान उस वीडियो में मौजूद हैं जिसमें तस्कर पिटाई कर रहा है।

हसन ने बताया कि जब पलायनकर्ताओं ने प्रतिरोध शुरू कर दिया तो बर्मी तस्कर नौका छोड़कर भाग गए।