5 नवंबर 2020 - 12:51
अमेरिका में हार जीत के फंसे पेंच के बीच हिंसा की आशांकएं हुईं तेज़

अमेरिका में चुनाव के बाद वोटों की गिनती को लेकर विरोध प्रदर्शन जारी हैं। एक ओर जहां ट्रम्प खेमा डेमोक्रैट्स पर धांधली का आरोप लगा रहा है वहीं बाइडेन समर्थकों का कहना है कि एक-एक वोट गिना जाना चाहिए।

प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक़, इस समय दुनियाभर की निगाहें अमेरिका के राष्ट्रपति चुनाव परिणाम के आधिकारिक घोषणा पर टिकी हुईं हैं। यूं तो डेमोक्रैटिक कैंडिडेट जो बाइडेन बहुमत के जादुई आंकड़े 270 इलेक्टरोल वोटों से केवल 6 वोट दूर हैं, लेकिन रिपब्लिकन कैंडिडेट और अमेरिका के मौजूदा राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प ने चुनाव में धांधली का आरोप लगाते हुए खुद को जीता हुआ बता रहे हैं। वह कोर्ट भी पहुंच गए हैं। वहीं, दूसरी ओर ट्रम्प और बाइडेन दोनों के समर्थक सड़कों पर हैं और हिंसा जैसे हालात पैदा होने की आशंका के चलते 50 लोगों को गिरफ़्तार कर लिया गया है। डेनवर में पुलिस से झड़प के बाद चार प्रदर्शनकारियों को गिरफ़्तार कर लिया गया जबकि मिनियापोलिस में ट्रैफिक ब्लॉक करने के बाद गिरफ़्तारयां की गईं। न्यूयॉर्क में बुधवार देर रात करीब 50 लोगों को गिरफ़्तार कर लिया गया था। पोर्टलैंड में तनाव इतना बढ़ गया था कि पुलिस ने इसे दंगे क़रार दे दिया। यहां 11 लोगों को गिरफ़्तार किया गया और आतिशबाज़ी ज़ब्त कर ली गई। गिरफ़्तार किए गए लोगों के पास से हथौड़े और राइफल भी बरामद किए गए हैं।

अमेरिकी मीडिया के अनुसार, ट्रम्प के पक्ष में 214 इलेक्टोरल वोट आ चुके हैं। हालांकि, पेन्सिलवेनिया, नॉर्थ कैरोलिना और जॉर्जिया में जीत हासिल करने से वह अभी भी राष्ट्रपति पद की रेस में बरकरार हैं। इनके अलावा नेवाडा में भी अंतिम नतीजों का इंतज़ार किया जा रहा है। अगर बाइडेन केवल नेवाडा जीत लेते हैं तो वह 270 के ज़रूरी आंकड़े तक पहुंच जाएंगे। वहीं, दूसरी ओर ट्रम्प को बहुमत हासिल करने के लिए इन चारों राज्यों को जीतना होगा। चुनाव में वोट पड़ने के बाद गिनती शुरू होने के साथ ही ट्रम्प खेमे ने डेमोक्रैट्स पर चुनाव में धांधली के आरोप लगाने शुरू कर दिए थे। वहीं, ट्रम्प विरोधी समूह भी वॉशिंगटन समेत देश के दूसरे हिस्सों में विरोध प्रदर्शन करने लगे थे। जैसे-जैसे चुनावी टक्कर और कड़ी होती जा रही है, दोनों ओर से प्रदर्शन आक्रामक होते जा रहे हैं। यहां तक कि कई जगहों पर हिंसा जैसे हालात पैदा होने की आशंका जताई गई है।