3 नवंबर 2020 - 17:44
ईरानी बमवर्षक विमानों ने काल्पनिक दुश्मन पर बरसाए बम, दुश्मन की हर गलती का मुंहतोड़ जवाब देने के लिए तैयार हैं!

ईरानी वायु सेना ने "फिदाइयाने हरीमे विलायत" युद्धाभ्यास के दौरान स्वदेशी राकेटों से काल्पनिक दुश्मन के स्ट्रेटेजिक लक्ष्यों को ध्वस्त कर दिया।

"फिदाइयाने हरीमे विलायत" युद्धाभ्यास सोमवार की सुबह, "सादिक़े आले मुहम्मद" के नाम से केन्द्रीय ईरान के इस्फहान में शुरु हुआ। 

युद्धाभ्यास के प्रवक्ता ब्रिगेडियर फरहाद गोदर्ज़ी ने एफ-5 और "साइक़ा" युद्धक विमानों द्वारा काल्पनिक दुश्मनों के ठिकानों पर राकेट व बमों से हमले का उल्लेख करते हुए बताया कि एफ-7 विमानों को स्मार्ट बमों, सटीक निशाने लगाने वाले राकेटों से लैस किया गया था।  युवा पायलटों ने दुश्मन के घेरे के भीतर जाकर स्ट्रेटजिक लक्ष्यों को सफलता से ध्वस्त कर दिया। 

ब्रिगेडियर फरहाद गोदर्ज़ी ने बताया कि युद्धाभ्यास में हिस्सा लेने वाले युद्धक विमानों को ईरानी विशेषज्ञों नें युद्धाभ्यास के लिए तैयार किया। उन्होंने कहा कि युद्धाभ्यास में आप्रेशनल स्टेज से पहले आर-एफ-4 विमानों ने ईरान में तैयार अत्याधुनिक कैमरों की मदद से काल्पनिक दुश्मन के क्षेत्रों में उड़ान भरी और उसके साथ "कमान 12" ड्रोन विमान भी मौजद थे। इन विमानों ने काल्पनिक दुश्मन के बारे में बेहद महत्वपूर्ण सूचनांए एकत्रित कीं। 

युद्धाभ्यास के प्रवक्ता ने बताया कि वायु सेना का "फिदाइयाने हरीमे विलायत" युद्धाभ्यास क्षेत्रीय देेशों को सुरक्षा, स्थिरता और दोस्ती का संदेश देता है और ईरानी जनता के दिल को मज़बूती प्रदान करते हुए उन्हें यह यकीन दिलाता है कि दुश्मनों की ओर से किसी भी प्रकार की गलती का मुंहतो़ड़ जवाब देने के लिए ईरानी सेना पूरी तरह से तैयार है।