28 अक्टूबर 2020 - 18:54
तुर्क राष्ट्रपति अर्दोगान ने 'आतंकवादी' बताने पर डच नेता के ख़िलाफ़ ठोंका मुक़दमा

नीदरलैंड के दक्षिणपंथी व सबसे विवादित नेता जीयर्ट वाइल्डर्स ने तुर्क राष्ट्रपति रजब तैयब अर्दोगान के एक कार्टून पर 'आतंकवादी' लिखकर उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है, जिसके बाद अर्दोगान ने उनके ख़िलाफ़ मुक़दमा ठोंक दिया है।

तुर्की की न्यूज़ एजेंसी अनादोलु की रिपोर्ट के मुताबिक़, मंगलवार को अर्दोगान के वकील हुसैन आयदीन ने अपमानजनक सामग्री के लिए वाइल्डर्स के ख़िलाफ़ आपराधिक शिकायत दर्ज की है।

यह मुक़दमा अंकारा की एक अदालत में दर्ज करवाया गया है, जिसमें कहा गया है कि वाइल्डर्स की टिप्पणी एक आपराधिक कृत्य है, और यह अभिव्यक्ति की आज़ादी नहीं है। तुर्की के क़ानून के तहत, राष्ट्रपति का अपमान करना अपराध है।

वाइल्डर्स इस्लाम विरोधी राजनीति और बयानों के लिए पहचाने जाते हैं। फ़्रांसीसी राष्ट्रपति इमानुएल मैक्रां की इस्लाम विरोधी टिप्पणी और तुर्क राष्ट्रपति द्वारा उन्हें मानसिक उपचार की सलाह के बाद शनिवार को पूर्व डच सांसद भी इस विवाद में कूद पड़े और उन्होंने अर्दोगान का एक कार्टून साझा किया था, जिसमें उन्हें बम के आकार की टोपी पहने हुए दिखाया गया है और उस पर आतंकवादी लिखा हुआ है।

56 वर्षीय डच नेता का मुसलमानों के ख़िलाफ़ अपमानजनक टिप्पणी करने, उनकी धार्मिक भावनाओं को आहत करने और इस्लाम के पवित्र प्रतीकों का अपमान करने का एक ट्रैक रिकॉर्ड रहा है, उनहोंने अपने इन कृत्यों का बचाव अभिव्यक्ति की आज़ादी के नाम पर किया है।

तुर्क राष्ट्रपति अर्दोगान ने वाइल्डर्स को एक फासीवादी बताया है। उन्होंने कहा कि फासीवादी शब्द हमारी किताबों में नहीं है, बल्कि यह तुमसे संबंधित है। हमारी किताबों सामाजिक न्याय है।

इसके जवाब में वाइल्डर्स ने उन्हें तानाशाह बताया और अपने देश से तुर्की के साथ कूटनीतिक संबंधों को समाप्त करने की अपील की।  

तुर्की के विदेश मंत्री मौलूद चाउश ओग़लू ने डच नेता को हारा हुआ नस्लवादी नेता बताया, जो इस्लाम के ख़िलाफ़ ज़हर उगलकर कुछ लोगों का समर्थन हासिल करना चाहता है।

ओग़लू का कहना था कि यूरोप को अपने बिगड़े हुए, फासीवादी विचारधारा वाले राजनेताओं को क़ाबू में करना होगा।