29 सितंबर 2020 - 13:55
हाथरस की निर्भया ने दम तोड़ा, गैंग रेप के बाद दरिंदगी का शिकार हुई थी

उत्तर प्रदेश के हाथरस इलाक़े में गैंग रेप का शिकार होने वाली दलित युवती ने 15 दिन तक मौत से लड़ने के बाद अस्पताल में दम तोड़ दिया है।

इस 19 वर्षीय लड़की के साथ 14 सितम्‍बर को हाथरस के चंदपा थाना क्षेत्र के एक गांव में गैंग रेप किया गया था और उसके बाद उसकी जीभ काट ली गई थी और रीढ़ की हड्डी तोड़ दी गई थी। घटना के नौ दिनों के बाद युवती होश में आई और तब उसने अपने साथ हुई दरिंदगी को इशारों में बयान किया था। पीड़िता पिछले दो हफ़्ते से अलीगढ़ के जेएन मेडिकल कालेज में भर्ती थी। वहां हालत में कोई सुधार नहीं होने के बाद उसे दिल्‍ली के सफ़दरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ़्तार कर लिया है।

 

इस बीच कई राजनीतिक दलों ने इस मामले में पुलिस की कार्यवाही पर सवाल उठाए हैं क्योंकि चौथे अभियुक्त को तीन दिन पहले ही गिरफ़्तार किया गया है। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी, समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव और बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती समेत कई विपक्षी पार्टियों ने योगी सरकार को निशाने पर लिया है। इसी के साथ पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग तेज़ हो गई है और लोगों ने ट्विटर पर हैशटैग अभियान शुरू कर दिया है। इस बीच योगी सरकार के प्रवक्ता सिद्धार्थनाथ सिंह ने कहा है कि यह घटना बेहद दुखद है और पूरी सरकार उस परिवार के साथ संवदेना प्रकट कर रही है। सरकार क़ानून के तहत कड़ी कार्यवाही करेगी।