28 सितंबर 2020 - 13:48
क्या नेतनयाहू अब अपने मैले कपड़े नए अरब दोस्तों के यहां ले जाया करेंगे? अमरीकियों ने क्यों लीक की यह शर्मनाक जानकारी? दोस्ती के लिए बेचैन अरब नेताओं का कैस मज़ाक़ उड़ा रहे हैं इस्राईली?

आजकल सोशल मीडिया पर एक इस्राईली युवती की वीडियो वायरल हो रही है जिसमें नोअम शोस्तर नाम की यह युवती इमारात, बहरैन और सूडान के नेताओं को स्लैंग अरबी भाषा में संदेश दे रही है कि आप नेतनयाहू के साथ कैसे दोस्ती के समझौते कर रहे हैं जबकि यहां हम हर रोज़ उनके ख़िलाफ़ प्रदर्शन करते हैं और उनका मुंह भी देखना पसंद नहीं करते, क्योंकि वह गंदे इंसान हैं, अपने गंदे कपड़े मुफ़्त में धुलवाने के लिए अमरीका लादकर ले जाते हैं।

यह वीडियो इस्राईली प्रधानमंत्री नेतनयाहू के ख़िलाफ़ जारी आलोचना और उपहास अभियान का हिस्सा है। इस अभियान के तहत बहुत सारे कार्टून बनाए जा रहे हैं, लेख लिखे जा रहे हैं, उनके आवास के सामने प्रदर्शनकारी वाशिंग मशीनें रख रहे हैं। क्योंकि वाशिंग्टन पोस्ट ने अपनी रिपोर्ट में यह ख़ुलासा कर दिया है कि नेतनयाहू अपनी अमरीका यात्रा का ग़लत फ़ायदा उठाते हैं और गंदे कपड़ों से भरे सूटकेस अपने साथ अमरीका ले जाते हैं ताकि यह कपड़े वाइट हाउस में मुफ़्त धो दिए जाएं। अख़बार ने यह रिपोर्ट वाइट हाउस के कर्मचारियों के हवाले से प्रकाशित की है।

इस रिपोर्ट में नेतनयाहू के बारे में जो व्यक्तिगत बातें कही गई हैं उन पर ज़्यादा चर्चा करने की कोई ज़रूरत नहीं है क्योंकि नेतनयाहू के साथ जो विवाद है वह व्यक्तिगत विवाद नहीं है हमें तो उनके युद्ध अपराधों के बारे में बहस करनी है जो वह फ़िलिस्तीन, सीरिया, लेबनान और उससे पहले मिस्र और जार्डन में अंजाम दे चुके हैं। इसी तरह हमें शिकायत अरब सरकारों से है जो नेतनयाहू सरकार से दोस्ती के लिए बेचैन हैं और किसी भी तरह उन्हें राजनैतिक संकट से निकालने की कोशिश में लगी हैं। जबकि नेतनयाहू के सत्ता मे बाक़ी रहने का मतलब है नए फ़िलिस्तीनी इलाक़ों पर इस्राईल का कब्ज़ा और ज़्यादा बड़ी संख्या में फ़िलिस्तीनी युवाओं का क़त्ल।

यह व्यक्ति जिसे मेहमानी के संस्कार तक नहीं आते और हद से ज़्यादा गिर जाता है क्या वह अपने नए अरब मित्रों का अच्छा शांति पार्टनर बनेगा?

हमें यह लगता है कि नेतनयाहू के बारे में जो जानकारियां लीक की गई हैं वह संयोग नहीं एक ख़ास योजना का हिस्सा है। अमरीकी अधिकारी नेतनयाहू की हरकतों से तंग आ गए हैं वरना हम दूसरे सैकड़ों प्रधानमंत्रियों, राष्ट्रपतियों, मंत्रियों और डिक्टेटरों के बारे में इस प्रकार की कोई रिपोर्ट क्यों नहीं देखते जो हर साल अमरीका की यात्रा करते हैं।

हमें नेतनयाहू के बारे में किए जाने वाले इस ख़ुलासे पर हैरत भी नहीं है क्योंकि वह बड़े भ्रष्टाचारी और रिश्वतख़ोर इंसान हैं। हमें हैरत इस बात पर है कि अरब नेता नेतनयाहू को गले लगाने के लिए बेक़रार हैं और वह ट्रम्प के दबाव में एसा कर रहे हैं जबकि हो सकता है कि ट्रम्प वाइट हाउस में चालीस दिन से ज़्यादा न रह पाएं।

यह तय है कि अपने नए अरब मित्रों के यहां नेतनयाहू गंदे कपड़ों के सूटकेस ही नहीं ले जाएंगे बल्कि अरबों डालर की सूची भी ले जाएंगे और रक्षा के बदले उनसे यह रक़म वसूलेंगे, इन अरब सरकारों के भीतर सेंध लगाएंगे और उन्हें उनके पड़ोसियों से लड़वाएंगे।

स्रोतः रायुल यौम