अंबाला एयरबेस पर राफ़ेल के इंडक्शन समारोह में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ फ्रांस की रक्षा मंत्री फ्लोरेंस पार्ली भी मौजूद थी।
हरियाणा के अंबाला स्थित वायु सेना स्टेशन में एक शानदार समारोह में राफ़ेल युद्धक विमान भारतीय वायु सेना के गोल्डन एरो स्क्वाड्रन का हिस्सा बन गया।
भारत के रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने इस अवसर पर कहा कि वायुसेना में राफ़ेल का शामिल होना एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक क्षण है। राफ़ेल का वायुसेना के बेड़े में शामिल होना भारत और फ्रांस के बीच के प्रगाढ़ संबंधो को दर्शाता है।
उनका कहना था कि भारत और फ्रांस लंबे समय से आर्थिक, सांस्कृतिक और रणनीतिक साझेदार रहे हैं। राजनाथ सिंह ने कहा कि राफ़ेल का भारतीय वायुसेना में शामिल होना, पूरी दुनिया के लिए एक बड़ा और कड़ा संदेश है, खासकर हमारी संप्रभुता पर नज़र रखने वालों के लिए।
फ़्रांस की रक्षा मंत्री फ्लोरेंस पार्ली ने राफेल इंडक्शन सेरेमनी को संबोधित किया और कहा कि आज हम दोनों देशों के लिए एक उपलब्धि है। उनका कहना था कि हम एक साथ मिलकर भारत-फ्रांस के रक्षा संबंधों में एक नया अध्याय लिख रहे हैं।