स्वीज़रलैंड के विदेश मंत्री शनिवार को ईरान के दौरे पर तेहरान पहुंचे और पहले वह ईरान के ऐतिहासिक शहर इस्फ़हान गए हैं। ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता सईद ख़तीबज़ादे ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ़्रेंस में स्वीज़रलैंड के विदेश मंत्री के साथ अमरीकी विदेश मंत्री के संपर्क के बारे सामने आई रिपोर्टों के बारे में कहा कि अमरीकी विदेश मंत्री जल्दबाज़ी में ऐसी हस्तियों से संपर्क करते हैं जो ईरान का दौरा करने वाली होती हैं और यह कोई नई बात नहीं है।विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि अमरीकी विदेश मंत्री माइक पोम्पियो ईरान के ख़िलाफ़ ज़्यादा से ज़्यादा दबाव डालने की अमरीकी नीति को लागू करने की कोशिश करते हैं हालांकि उनकी इस तरह की नीति अब तक नाकाम रही है जबकि वह अपनी इस कोशिश में हर उस तीसरे देश को भी शामिल करने की कोशिश करते हैं जिसके ईरान के साथ संबंध होते हैं ताकि उस देश के संबंध को ईरान से ख़राब कराएं।
ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि ईरान की ओर से अमरीका की मौजूदा तानाशाही मेज़ाज वाली सरकार के बारे में सरकारी नज़रिये का बारंबार एलान हो चुका है जो ज़रा भी नहीं बदला है। उन्होंने, स्वीज़रलैंड के विदेश मंत्री के तेहरान दौरे में वार्ता में जिन बिन्दुओं पर चर्चा होगी, उनकी ओर इशारा करते हुए कहा कि उनके साथ द्विपक्षीय संबंध और क्षेत्रीय व अंतर्राष्ट्रीय मामलों पर विचार विमर्श होगा जबकि स्वीज़रलैंड के वित्तीय सिस्टम के बारे में भी बातचीत होगी।
ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने स्वीज़रलैंड के विदेश मंत्री के तेहरान दौरे के प्रोग्राम के बारे में कहा कि वह रविवार के अपने इस दौरे का आधिकारिक रूप से आग़ाज़ करेंगे और सबसे अहम बात यह है कि दोनों देशों के सौ साल के संबंध के उपलक्ष्य में आयोजित समारोह में शामिल होना उनके प्रोग्राम का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि स्वीज़रलैंड के विदेश मंत्री अपने इस दौरे में अपने ईरानी समकक्ष डॉक्टर जवाद ज़रीफ़, राष्ट्रपति रूहानी सहित उच्च अधिकारियों से भेंटवार्ताएं करेंगे।