3 सितंबर 2020 - 14:25
ईरान को इससे कोई फ़र्क़ नहीं पड़ता कि कौन अमरीका का राष्ट्रपति बनता हैः विदेश मंत्रालय

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा है कि इस्लामी गणतंत्र ईरान के लिए यह बात अहम नहीं है कि कौन अमरीका का राष्ट्रपति बनता है।

सईद ख़तीब ज़ादे ने गुरुवार को अमरीका के गुप्तचर विभाग के प्रमुख की ओर से इस देश के राष्ट्रपति चुनाव में ईरान के हस्तक्षेप संबंधी बयान पर प्रतिक्रिया जताते हुए कहा कि अमरीकियों की आदत है कि कुछ देशों के ख़िलाफ़ झूठी सूचनाएं फैलाते रहें। उन्होंने कहा कि ईरान वास्तव में अमरीका की आंतरिक राजनीति को कोई अहमियत नहीं देता और अमरीका के अंदर जो कुछ भी होता है वह अमरीकी जनता से संबंधित है।

 

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने बल देकर कहा कि ईरान के लिए अहम विषय यह है कि अमरीका, अपनी अंतर्राष्ट्रीय प्रतिबद्धताओं पर अमल करे, ग़ुंडागर्दी छोड़ दे और सबसे बढ़ कर यह कि ईरानी राष्ट्र के अधिकारों का सम्मान करे और ईरान को उसने जितना भी नुक़सान पहुंचाया है, उसकी भरपाई करे।

 

ज्ञात रहे कि अमरीका के गुप्तचर विभाग के प्रमुख जाॅन रेटक्लिफ़ ने कुछ दिन पहले दावा किया था कि ईरान, रूस और चीन अमरीका के राष्ट्रपति चुनाव में हस्तक्षेप की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा था कि ये तीनों देश और कुछ अन्य तत्व इस बात की कोशिश कर रहे हैं कि अमरीका के राष्ट्रपति चुनाव में हस्तक्षेप करके या चुनाव को प्रभावित करके अपने लक्ष्य हासिल कर लें।