ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय की प्रवक्ता सीमा सादात लारी ने बताया कि देश में कोरोना वायरस के मरीज़ों में 2 लाख 63 हज़ार से ज़्यादा लोग ठीक हो चुके हैं और ढाई हज़ार से ज़्यादा लोग इस वायरस की ताज़ा चपेट में आए हैं।
स्वास्थ्य मंत्रालय की प्रवक्ता सीमा सादात लारी ने शुक्रवार को प्रेस कान्फ़्रेंस में बताया कि पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के 2 हज़ार 674 नए केस सामने आए हैं, जिनमें 1 हज़ार 523 लोग भर्ती हुए और बाक़ी लोगों को चेकअप और ज़रूरी दवाओं के साथ घर भेज दिया गया। उन्होंने बताया कि ईरान में अब कोविड-19 की चपेट में आने वालों की तादाद 3 लाख 4 हज़ार 204 हो गयी है।
इसी तरह उन्होंने बताया कि पिछले 24 घंटे में 197 लोगों की कोरोना वायरस से मौत हुयी है। इस तरह कोरोना वायरस कोविड-19 से ईरान में मरने वालों की कुल तादाद अब 16 हज़ार 766 हो गयी है।
दुनिया में अब तक 1 करोड़, 75 लाख, 40 हज़ार 474 लोग कोरोना वायरस की चपेट में आ चुके हैं, जिसमें 1 करोड़ 9 लाख 91 हज़ार 324 लोग ठीक हो चुके हैं और 6 लाख 77 हज़ार 916 लोगों की मौत हो चुकी है।
अमरीका, ब्राज़ील, भारत, रूस और दक्षिण अफ़्रीक़ा में क्रमशः कोरोना वायरस के सबसे ज़्यादा केस हैं। अमरीका में 4,635,886, ब्राज़ील में 2,613,789, भारत में 1699,264 रूस में 839,981, और दक्षिण अफ़्रीक़ा में 482,169 लोग कोरोना वायरस की चपेट में आ चुके हैं।