28 जुलाई 2020 - 19:02
हागिया सोफ़िया के बाद, तुर्की में ख़िलाफ़त को फिर से जीवित करने की एक तुर्क पत्रिका की मांग पर हंगामा

तुर्की की एक पत्रिका ने अपने नवीनतम अंक की कवर स्टोरी में ख़िलाफ़त को एक बार फिर जीवित करने की मांग की है। वहीं अंकारा बार एसोसिएशन ने इसे एक विद्रोह बताया है।

बार एसोसिएशन ने गेरसेक हयात पत्रिका के ख़िलाफ़ आपराधिक मुक़दमा दर्ज करके जांच की मांग की है। उसका आरोप है कि पत्रिका के प्रधान संपादक कमाल ओज़ेर और स्तंभकार अब्दुर्रहमान दिलीपक नफ़रत फैला रहे हैं और तुर्की के ख़िलाफ़ सशस्त्र विद्रोह का आह्वान कर रहे हैं।

आरोप के केंद्र में पत्रिका का नवीनतम अंक है, जिसे सोमवार को प्रकाशित किया गया है। इस लेख में तुर्की के लोगों से आह्वान किया गया है कि: ख़िलाफ़त के लिए एकजुट हो जाओ। अगर अब नहीं, तो कब? अगर आप नहीं, तो कौन?"

तुर्की के एक वरिष्ठ पत्रकार दिलीपक के साक्षात्कार को प्रमुखता से प्रकाशित किया गया है।

ख़िलाफ़त राज्य और शासन से संबंधित एक राजनीतिक विचार है और ख़लीफ़ा उन शासकों को कहा जाता है, जिन्होंने पैग़म्बरे इस्लाम (स) के बाद उनके उत्तराधिकारी के रूप में शासन किया था।

हालांकि हालिया वर्षों में तकफ़ीरी आतंकवादी गुट दाइश ने तथाकथित ख़िलाफ़त का एलान करके इस्लामी शासन की इस शैली को काफ़ी बदमान किया है।

मुसलमानों में ख़िलाफ़त श्रंखला की सबसे आख़िरी कड़ी तुर्की का उस्मानी साम्राज्य था। पहले विश्व युद्ध के बाद कमाल अतातुर्क ने उस्मानी ख़िलाफ़त के खंडहर पर आधुनिक तथा धर्मनिरपेक्ष तुर्की की स्थापना की थी।

हालांकि ख़िलाफ़त को फिर से जीवित करने की मांग, तुर्की में एक गर्म राजनीतिक मुद्दा है। सत्ताधारी ए-के पार्टी के प्रवक्ता उमर जेलिक ने पत्रिका द्वारा तुर्की के मूल सिद्धांतों पर सवाल उठाने की कोशिश की आलोचना की है।

इस विवादित लेख के प्रकाशित होने से पहले ही तुर्की में इस मुद्दे पर गर्मागर्म बहस शुरू हो गई थी। तुर्की के एक वरिष्ठ पत्रकार इस्माइल सायमाज़ ने कहा है कि तुर्की "मुट्ठी भर कट्टरपंथियों द्वारा शासित होने वाला देश नहीं है, और गेरसेक हयात में प्रकाशित लेख के ज़िम्मेदार लोगों को पता नहीं है कि वे किस तरह की आग से खेल रहे हैं।"

ख़िलाफ़त को फिर से जीवित करने की मांग और उस पर होने वाला हंगामा, हागिया सोफ़िया को फिर से मस्जिद में बदलने के तुर्क सरकार के फ़ैसले के बाद शुरू हुआ है।

तुर्की के प्रमुख शहर इंस्तांबुल में मूल रूप से एक ईसाई चर्च के रूप में निर्मित इस इमारत को उस्मानी ख़िलाफ़त की स्थापना करने वाले शासक मोहम्मद द्वितीय ने 1453 में इसे मस्जिद में बदल दिया था। हालांकि अतातुर्क ने 1935 में इस इमारत को एक संग्रहालय में बदल दिया था।