28 जुलाई 2020 - 18:56
अवैध सरकारें, ईरानी राष्ट्र के ख़िलाफ़ अपने दुस्साहस की क़ीमत चुकाने के लिए तैयार रहेंः ईरानी कमांडर की चेतावनी

ईरान के ख़ातमुल अम्बिया हेडक्वार्टर के कमांडर ने चेतावनी देते हुए कहा है कि दुष्ट और अवैध सरकारें, जो अपनी कार्यवाहियों पर ईरानी सेना की आक्रामक शक्ति का कटु स्वाद चख चुकी हैं, ईरानी राष्ट्र के ख़िलाफ़ अपने दुस्साहस की और अधिक क़ीमत चुकाने के लिए तैयार रहें।

आईआरजीसी के ख़ातमुल अम्बिया हेडक्वार्टर के कमांडर ब्रिगेडियर ग़ुलाम अली रशीद ने मंगलवार को फ़ार्स की खाड़ी व हुर्मुज़ स्ट्रेट में आईआरजीसी के सैन्य अभ्यास के अवसर पर ईरानी सेना के कमांडरों को संबोधित करते हुए कहा कि कोरोना वायरस से ईरानी राष्ट्र के व्यापक संघर्ष और अमरीका की अपराधों के मुक़ाबले में उसके प्रतिरोध के दौरान जो लोग ईरान को अस्थिर दिखाने की कोशिश कर रहे हैं, वे निश्चित रूप से ईरानी राष्ट्र के ख़िलाफ़ अपनी कार्यवाहियों की क़ीमत चुकाएंगे।

 

उन्होंने कहा कि ईरान की सेना देश की रक्षा के लिए और इसी तरह दुश्मन की ओर से पैदा किए जाने वाले ख़तरों और अस्थिर बनाने वाले क़दमों का भरपूर जवाब देने के लिए उचित समय व स्थान पर अपनी पूरी शक्ति का इस्तेमाल करेगी। ज्ञात रहे कि ईरान के इस्लामी क्रांति संरक्षक बल आईआरजीसी और नौसेना के सहयोग से फ़ार्स की खाड़ी, हुर्मुज़ स्ट्रेट और ईरान के हुर्मुज़गान प्रांत में "पयाम्बरे आज़म 14" नामक सैन्य अभ्यास का अंतिम चरण मंगलवार की सुबह को आरंभ हुआ है।