समाचार पत्र यूएस टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक़, अमेरिका के 2020 के राष्ट्रपति चुनाव में डेमोक्रेट पार्टी के मुख्य उम्मीदवार जो बाइडन ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग द्वारा अमेरिकी मुसलमानों के एक बड़े समूह को संबोधित करते हुए कहा कि, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प ने अपनी नफ़रत भरी नीतियों, व्यवहार और भाषणों के ज़रिए इस देश को पूरी दुनिया में बदनाम कर दिया है। उन्होंने कहा कि चुनाव में जीतने के बाद व्हाइट हाउस में प्रवेश के पहले ही दिन कई मुस्लिम देशों के नागरिकों के अमेरिका में प्रवेश करने पर प्रतिबंध लगाने के कार्यकारी आदेश को रद्द कर देंगे।
जो बाइडन ने स्वीकार किया कि ट्रम्प के अमेरिकी राष्ट्रपति बनने के बाद अमेरिका सहित पूरी दुनिया में उनकी ग़लत नीतियों के कारण इस्लामोफ़ोबिया में वृद्धि देखने को मिली है। उन्होंने कहा कि ट्रम्प ने जानबूझकर देश के रक्षा विभाग और यूनाइटेड स्टेट्स एजेंसी फॉर इंटरनेशनल डेवलपमेंट विभाग में ऐसे लोगों की नियुक्ति की है कि जिन्होंने खुले तौर पर इस्लामोफ़ोबिया फैलाने में अहम भूमिका निभाई है। जो बाइडन ने कहा कि ट्रम्प ने अमेरिका के राष्ट्रपति बनते ही अपने पहले महीने जनवरी 2017 के कार्यकाल में 7 मुस्लिम देशों के नागरिकों पर अमेरिका में प्रवेश करने पर प्रतिबंध लगा दिया था और उसके बाद प्रतिबंध की सूची में 6 अन्य देशों का नाम और बढ़ा दिया था।
अमेरिका के राषट्रपति पद के चुनाव में डेमोक्रेट पार्टी के मुख्य उम्मीदवार जो बाइडन ने कहा है कि वह अमेरिकी कांग्रेस में ऐसे क़ानून पास कराएंगे कि जो नस्लीय घृणा के अपराधों को कम करने और अमेरिकी अधिकारियों में पाए जाने वाली धार्मिक एवं नस्लवादी पूर्वाग्रहों को कम करेगा। उन्होंने इसी तरह वादा किया कि वह अपनी सरकार में मुस्लिम समुदाय के लोगों को जगह देंगे। इस बीच एबीसी चैनल और वॉशिंग्टन पोस्ट द्वारा किए गए सर्वे में यह बात सामने आई है कि, जो बाइडन अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प को लगातार पीछे छोड़ते जा रहे हैं और उनकी लोकप्रियता में भी लगातार वृद्धि होती जा रही है।