20 जुलाई 2020 - 19:21
तुर्की, अपने सैनिकों को इराक़ से फ़ौरन निकाले, हादी आमेरी की खुली धमकी

इराक़ी संसद में फ़त्ह गठबंधन के प्रमुख ने उत्तरी इराक़ में तुर्की की ख़तरनाक योजना को फ़ाश करते हुए, तुर्की से अपने सैनिकों को इराक़ से निकालने की मांग की है।

तुर्की के रक्षामंत्रालय ने सोमवार को अपने बयान में इराक़ी कुर्दिस्तान के हफ़्तानैन क्षेत्र में हवाई आप्रेशन की सूचना दी थी

इराक़ की एनुल इराक़ वेबसाइट की रिपोर्ट के अनुसार इराक़ी संसद में फ़त्ह गठबंधन के प्रमुख हादी अलआमेरी ने सोमवार को एक बयान जारी करके धमकी दी कि इराक़ पर तुर्की के हमले,  ख़तरनाक स्थिति को दर्शाते हैं और इनसे पता चलता है कि अंकारा, उत्तरी सीरिया की भांति इराक़ में भी सेक्युरिटी बेल्ट बनाने के प्रयास में है। 

हादी अलआमेरी ने कहा कि उत्तरी इराक़ में तुर्की की शत्रुतापूर्ण कार्यवाहियां, दोनों देशों के हितों में नहीं है। उन्होंने तुर्की से मांग की कि वह अपने सैनिकों को उत्तरी इराक़ से तुरंत निकाल ले।

ज्ञात रहे कि तुर्की ने 27 मई 2019 से उत्तरी इराक़ में पीकेके के विरुद्ध कार्यवाही शुरु की है।