भारत के स्वास्थ्य मंत्रालय ने रविवार को बताया कि पिछले 24 घंटों में कोरोना के 38 हज़ार 902 नए मामले सामने आए जिसके बाद देश में कोरोना से संक्रमित होने वालों की संख्या 10 लाख 77 हज़ार 618 हो गई है। मंत्रालय ने बताया है कि इस दौरान कोरोना के 543 मरीज़ जान की बाज़ी हार गए जिसके बाद इस देश में कोविड-19 के कारण मरने वालों की संख्या 26 हज़ार 816 हो गई है।
इस बीच पिछले एक दिन में कोरोना के 23 हज़ार से अधिक मरीज़ ठीक भी हुए हैं जिसके बाद भारत में कोरोना को हराने वाले लोगों की संख्या 6 लाख 77 हज़ार 423 हो गई है। भारत में इस समय कोरोना के 3 लाख 73 हज़ार 379 एक्टिव मामले हैं। भारत की राजधानी दिल्ली में कोरोना की बीमारी से ठीक होने वाले लोगों की संख्या में वृद्धि के बाद अब स्थिति बेहतर दिखाई दे रही है लेकिन महाराष्ट्र, तमिल नाडु, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, उत्तर प्रदेश, गुजरात और पश्चिमी बंगाल में कोरोना से संक्रमित होने वालों की संख्या सबसे ज़्यादा है। सबसे बुरी स्थिति महाराष्ट्र की है जहां कोरोना के तीन लाख से ज़्यादा मरीज़ हैं।