5 जुलाई 2020 - 14:03
आक्रामक शक्ति के बजाए ईरान की मज़बूत रक्षा शक्ति और मिसाइलों के आधुनिकीकरण का राज़ क्या है?

1980 के दशक में ईरान-इराक़ आठ वर्षीय युद्ध से तेहरान को कई महत्वपूर्ण अनुभव हासिल हुए थे, जिनमें से एक यह था कि मज़बूत आक्रामक शक्ति की तुलना में एक मज़बूत रक्षा शक्ति, अधिक प्रभावशाली, सस्ती और आसान है। इसी सबक़ के आधार पर आज ईरान के पास आधुनिक मिसाइलों का एक विशाल भंडार है। इसलिए कि आक्रामक रक्षा शक्ति के लिए लड़ाकू विमानों पर अधिक निर्भर रहना होता है, जिसके रखरखाव पर भारी ख़र्च आता है और पायलटों की जान का भी जोखिम उठाना पड़ता है।

ईरान की रक्षा नीति में विभिन्न प्रकार के आधुनिक गाइडेड मिसाइलों की बड़ी भूमिका है। इस ज़माने में मिसाइल, किसी भी राष्ट्र की शक्ति का प्रतीक होते हैं। विशेष रूप से फ़ार्स खाड़ी स्थित रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ की रक्षा के लिए।

ईरान के पास कम और मध्यम दूरी की मारक क्षमता वाले हज़ारों मिसाइल हैं, जो पूर्वी अफ़्रीक़ा, दक्षिण यूरोप, रूस, भारत और पश्चिमी चीन तक मार कर सकते हैं।

ऐसे ही मिसाइलों में से फ़ातेह-110, शहाब-1 और सिज्जील का नाम लिया जा सकता है। फ़ातेह-110 क़रीब 500 किलोग्राम वारहेड के साथ 210 किलोमीटर से अधिक की दूरी पर अपने लक्ष्यों को भेद सकता है।

शहाब-1 330 किलोमीटर के फ़ासले पर अपने लक्ष्य को सटीक रूप से भेद सकता है। इस मिसाइल को ईरान ने ईरान-इराक़ युद्ध के दौरान 1980 के दशक में विकसित किया था।

सिज्जील मिसाइल ईरान के सबसे आधुनिक मिसाइलों में से एक है। इसकी मारक क्षमता 2,000 किलोमीटर से भी अधिक है। यह मिसाइल 500 से लेकर 1,000 किलोग्राम का वारहेड अपने साथ ले जा सकता है। इसकी विशेषता यह है कि यह लिक्विड ईंधन के बजाए सॉलिड ईंधन से काम करता है।

3 जनवरी को अमरीकी हमले में ईरान की अल-क़ुद्स फ़ोर्स के कमांडर जनरल क़ासिम सुलेमानी की शहादत के बाद, 8 जनवरी को ईरान ने इराक़ स्थित अमरीकी सैन्य अड्डे पर बैलिस्टिक मिसाइलों से जवाबी कार्यवाही करते हुए अपनी मिसाइल शक्ति का प्रदर्शन किया था।