भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को रेडियो पर मन की बात कार्यक्रम के माध्यम से अनेक विषयों पर अपने विचार पेश किए। उन्होंने कोरोना से लेकर तूफ़ान, टिड्डी हमले और लद्दाख़ में चीन के साथ तनाव का उल्लेख किया। उन्होंने चीन का नाम लिए बिना कहा कि लद्दाख़ में भारत की तरफ़ आंख उठाकर देखने वालों को करारा जवाब मिला है। उन्होंने कहा कि भारत, दोस्ती निभाना जानता है तो आंख में आंख डालकर देखना और उचित जवाब देना भी जानता है। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि देश के वीर सैनिकों ने दिखा दिया है कि भारत अपनी मान पर आँच नहीं आने देगा।
उन्होंने कहा कि अपने वीर सपूतों के बलिदान पर उनके परिवारों ने जो भावना दिखाई है वही हमारी ताक़त है। मोदी ने कहा कि भारत के वीर सैनिकों ने दिखा दिया है कि वे कभी भी देश के गौरव पर आँच नहीं आने देंगे। भारत के प्रधानमंत्री ने कोरोना संकट की तरफ़ इशारा करते हुए कहा कि संकट आते रहेंगे लेकिन हम सभी बाधाओं को दूर करते हुए आगे बढ़ते रहेंगे। उन्होंने कहा कि भारत ने संकट को सफलता की सीढ़ी में बदला है और उन्हें देश के 130 करोड़ लोगों की शक्ति पर पूरा भरोसा है।