19 जून 2020 - 14:02
वेस्ट बैंक का विलय, इस्राईल के लिए आत्मघाती हो सकता है, पूरा फ़िलिस्तीन एक तरफ़ और ...

वेस्टबैंक को हथियाने की इस्राईल की योजना के विरुद्ध क्षेत्रीय स्तर पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की जा रही है और फ़िलिस्तीनी संगठनों की ओर से भरपूर विरोध प्रदर्शन की कॉल दी जा रही है जबकि जार्डन ने इस्राईल के साथ सभी समझौते रद्द करने की धमकी दे दी है।

अलफ़त्ह आंदोलन के प्रवक्ता ओसामा अलक़वासिमी ने वेस्टबैंक को हड़पने की इस्राईली योजना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए पूरी फ़िलिस्तीन की ज़मीन में अतिग्रहण दिवस मनाने की अपील की है।

ओसामा अलक़वासेमी के संदेश में आया है कि इस्राईल के अवैध क़ब्ज़े के विरुद्ध आंदोलन का नया चरण शुरु करने की आवश्यकता है। उन्होंने फ़िलिस्तीनी राष्ट्र को संबोधित करते हुए कहा कि हे महान राष्ट्र उठ खड़े हो और अपनी ज़मीन की रक्षा के लिए हमारे साथ अतिग्रहण दिवस के प्रदर्शनों में भाग लेकर इस्राईल के अवैध क़ब्ज़े के विरुद्ध आवाज़ उठाओ।

अलफ़त्ह आंदोलन के प्रवक्ता का कहना था कि अतिग्रहण दिवस के प्रदर्शनों में पूरे फ़िलिस्तीनी राष्ट्र का बस एक ही नारा होगा कि हमें विलय स्वीकार्य नहीं है और न ही सेन्चुरी डील, बैतुल मुक़द्दस फ़िलिस्तीनी ज़मीन की हमेशा की राजधानी है।

दूसरी ओर जार्डन नरेश ने कहा है कि अगर इस्राईल ने वेस्ट बैंक के विलय का प्रयास किया तो अम्मान तेल अवील के साथ होने वाले सारे समझौते ख़त्म कर देगा।

अलमयादीन टीवी चैनल के अनुसार कूटनयिक सूत्रों ने बताया है कि जार्डन नरेश अब्दुल्लाह द्वितीय अपने देश के स्पष्ट दृष्टिकोण की घोषणा करते हुए कहा है कि बैतुल मुक़द्दस की फ़िलिस्तीन की राजधानी है और इस्राईल की ओर से वेस्ट बैंक के विलय की एकपक्षीय योजना को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

ज्ञात रहे कि इस्राईल, अमरीकी योजना सेन्चुरी डील के अंतर्गत जिसका रष्ट्रपति ट्रम्प और क्षेत्र की कुछ अरब सरकारों की ओर से समर्थन किया जा रहा है, पहली जुलाई से वेस्ट बैंक के अन्य 30 प्रतिशत क्षेत्रों को इस्राईल में मिलाने की घोषणा कर चुका है।