तुर्की के युद्धक विमानों ने रविवार को एक बार फिर तुर्की की कुर्दिस्तान वर्कर्स पार्टी पीकेके के विरुद्ध कार्यवाही करने के बहाने उत्तरी इराक़ के कई क्षेत्रों पर बमबारी की।
फ़ार्स न्यूज़ एजेन्सी की रिपोर्ट के अनुसार इराक़ के संयुक्त आप्रेशनल कमान्ड ने सोमवार को एक बयान जारी करके तुर्की द्वारा इराक़ की वायु सीमा के उल्लंघन को तनाव फैलाने वाली कार्यवाही क़रार दिया और कहा कि तुर्की की यह कार्यवाही, अंतर्राष्ट्रीय नियमों और क़ानूनों के विरुद्ध और पड़ोसियों की सद्भावना के ख़िलाफ़ है।
इराक़ के संयुक्त आप्रेश्नल कमान्ड ने बल दिया कि दोनों देशों के संयुक्त हितों पर प्रतिबद्धता और सम्मान की वजह से तुर्की के हमलों को बंद होना चाहिए और दोबारा हमले नहीं होने चाहिए।
इराक़ी सेना के बयान में कहा गया है कि इराक़, संयुक्त सीमाओं पर निगरानी करने और दोनों देशों के बीच सहयोग के लिए पूरी तरह तैयार है।
उल्लेखनीय है कि तुर्की के रक्षामंत्रालय ने एक बयान जारी करते हुए कहा कि तुर्की के युद्धक विमानों ने उत्तरी इराक़ के मख़मूर और सेन्जार क्षेत्रों में पीकेके के ठिकानों को निशाना बनाया।
रिपोर्ट में बताया गया कि इस कार्यवाही में तुर्की के 31 एफ़-16 विमानों ने भाग लिया था।
तुर्की ने पिछले वर्षों के दौरान पीकेके के तत्वों का दमन करने के बहाने कई बार इराक़ की सीमाओं का उल्लंघन किया है। इराक़ पर तुर्की के हमले पर इराक़ सहित कई देशों की कड़ी प्रतिक्रिया सामने आई है।