11 जून 2020 - 14:15
दुनिया में कोरोना का क़हर जारी, ईरान में कंट्रोल, 1 लाख 42 हज़ार का कामयाब इलाज, 78 की मौत

ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि पिछले 24 घंटों में कोरोना के लगभग दो हज़ार नए मामले सामने आए हैं जिसके बाद देश में कोरोना से संक्रमित लोगों की कुल संख्या बढ़ कर 1 लाख 80 हज़ार 938 हो गई है।

स्वास्थ्य मंत्रालय की प्रवक्ता सीमा सादात लारी ने गुरुवार को एक पत्रकार सम्मेलन में देश में कोरोना के ताज़ा आंकड़े पेश करते हुए बताया कि पिछले 24 घंटों में दो हज़ार 238 नए मामले सामने आए जिनमें से 688 को अस्पतालों में भर्ती किया गया जबकि अन्य को मामूली उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। उन्होंने बताया कि अब देश में कोरोना के मरीज़ों की कुल संख्या बढ़ कर 1,80,156 हो गई है और पिछले 24 घंटों में 78 लोग कोविड-19 के कारण चल बसे। इस प्रकार अब देश में कोरोना वायरस के कारण मरने वालों की संख्या 8,584 हो गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय की प्रवक्ता ने बताया कि अब तक देश में कोरोना के लगभग एक लाख 80 हज़ार मरीज़ों में से 1 लाख 42 हज़ार 663 का सफल इलाज किया जा चुका है और उन्हें अस्पतालों से छुट्टी दे कर घर भेज दिया गया है।

इस बीच दुनिया में कोरोना वायरस से संक्रमित होने वाले लोगों की कुल संख्या 74 लाख 82 हज़ार तक पहुंच गई है जिनमें से कम से कम 4 लाख 19 हज़ार लोग जान की बाज़ी हार चुके हैं। पूरी दुनिया में लगभग 37 लाख 98 हज़ार लोगों को कोरोना वायरस से बचाया भी गया है। अमरीका में सबसे ज़्यादा 20 लाख 66 हज़ार लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हुए हैं और 1 लाख 15,141 से ज़्यादा लोग इस बीमारी के कारण मर चुके हैं। अमरीका के बाद ब्राज़ील, रूस, ब्रिटेन, स्पेन और भारत में कोरोना के सबसे ज़्यादा मरीज़ हैं।