15 मई 2020 - 13:45
ईरान के बारे में सुरक्षा परिषद के फ़ैसलों पर अमरीकी रवैया अस्वीकार्य हैः रूस

रूस के उप विदेश मंत्री ने कहा है कि ईरान के बारे में संयुक्त राष्ट्र संघ की सुरक्षा परिषद के फ़ैसलों पर अमरीकी रवैया अस्वीकार्य है।

सेरगेई रियाबकोव ने इस बात पर बल देते हुए कि ईरान के ख़िलाफ़ हथियारों के प्रतिबंध की समय सीमा बढ़ाने की कोई वजह नहीं है, कहा है कि सुरक्षा परिषद के प्रस्तावों के साथ अमरीका का भेदभावपूर्ण रवैया, विश्व समुदाय के लगभग सभी सदस्यों के लिए स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि अमरीका को, जो इस बात की कोशिश कर रहा है कि सुरक्षा परिषद में ईरान के ख़िलाफ़ हथियारों के प्रतिबंधों की अवधि बढ़ा दे, अत्यंत कठिन राह के इंतेज़ार में रहना चाहिए। रूस के उप विदेश मंत्री ने कहा कि ईरान के ख़िलाफ़ सुरक्षा परिषद की ओर से लगाया गया हथियारों का प्रतिबंध, इस परिषद के प्रस्ताव नंबर 2231 के अनुसार 18 अक्तूबर 2020 को समाप्त हो जाएगा और उसकी समय सीमा बढ़ाए जाने की कोई वजह नहीं है।

 

सेरगेई रियाबकोव ने कहा कि हम जानते हैं कि अमरीका के उच्चाधिकारी और राष्ट्र संघ में इस देश के प्रतिनिधि, ईरान पर हथियारों के प्रतिबंध में वृद्धि समेत कई विकल्पों की कोशिश में हैं लेकिन इस संबंध में हमारा रुख़ पूरी तरह से साफ़ है और वह यह कि किसी भी देश को इस बात का हक़ नहीं है कि वह सुरक्षा परिषद के प्रस्तावों को लागू करने के लिए अपनी मर्ज़ी से काम करे और अमरीका दो साल से ज़्यादा समय से सुरक्षा परिषद के प्रस्तावों का खुला उल्लंघन कर रहा है। उन्हो।ने कहा कि इस मामले में अमरीका की हठधर्मी, संयुक्त राष्ट्र संघ में एक अन्य गंभीर संकट पैदा कर सकती है।