इराक़ी विश्लेषक सअदु अलकाबी ने मंगलवार को अपने एक बयान में कहा है कि अमरीका बगदाद पर क़ब्ज़े की तैयारी कर चुका है और इस साज़िश में कुछ इराक़ी भी उसका साथ दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि अमरीका इराक़ में अपने सब से बड़े साधन अर्थात आतंकवादी संगठन दाइश से हाथ धो बैठा है इस लिए अब वह दाइश को दोबारा आज़माने के साथ ही साथ इराक़ में राजनीतिक प्रक्रिया द्वारा बगदाद पर अपनी पकड़ बनाना चाह रहा है।
उन्होंने अलमालूमा न्यूज़ वेबसाइट से एक वार्ता में कहा कि इराक़ से दाइश को खदेड़े जाने के बाद से अमरीका कुछ इराकी नेताओं को अपने साथ मिला कर नयी रणनीति पर काम कर रहा है ताकि इराक़ में राजनीतिक घटनाक्रम की दिशा ही बदल दी जाए।
अलकाबी ने बताया कि अमरीका ने अक्तूबर 2019 के जन प्रदर्शनों में भी हस्तक्षेप किया था और पूरे इराक में अशांति व हंगामा फैलाने की साज़िश रची थी ताकि इस तरह से इराक़ को कई हिस्सों में बांट दिया जाए इसके लिए अमरीका ने देश के पश्चिमी और उत्तरी प्रान्तों की कुछ प्रभावशाली हस्तियों के सहयोग पर काफी भरोसा किया था।
इराक़ के इस प्रसिद्ध टीकाकार ने बताया कि अमरीका इराक़ में आतंकवाद फैलाने के साथ ही साथ राजनीतिक प्रक्रिया में भी बाधा डालने की कोशिश कर रहा है ताकि पूरी दुनिया के सामने यह साबित कर सके कि इराक़ अपनी अखंडता और संप्रभुता की रक्षा नहीं कर सकता इस लिए अमरीकी सैनिकों का इस देश में तैनात रहना बेहद ज़रूरी है। अमरीकी साज़िश के अनुसार इराक़ पर वाशिंग्टन के वर्चस्व को वापस लाने के लिए एक राजनीतिक योजना तैयार कर ली गयी है जिस पर अमरीका काम कर रहा है।