10 मई 2020 - 10:56
40 लाख का आंकड़ा पार कर गई दुनिया में कोरोना वायरस से संक्रमितों की संख्या, 13 लाख से अधिक बीमार अकेले अमरीका में

अमरीका की जान हापकिन्ज़ युनिवर्सिटी से जारी होने वाले आंकड़ों के अनुसार दुनिया में कोरोना वायरस से संक्रमित होने वालों की संख्या 40 लाख 4244 हो गई है।

शनिवार को जारी होने वाले आंकड़ों के अनुसार कोरोना के बीमारों की लगभग एक तिहाई संख्या अमरीका में है जहां सक्रमितों की संख्या 13 लाख 5199 तक जा पहुंची है।

अमरीका के बाद स्पेन, इटली और ब्रिटेन का नंबर है जबकि रूस में भी संक्रमितों की संख्या 2 लाख के क़रीब पहुंच गई है।

अमरीका में कोरोना से मरने वालों की संख्या भी सबसे ज़्यादा है जहां अब तक लगभग 80 हज़ार लोग अपनी जानें गवां चुके हैं और राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प ने शुक्रवार को कहा है कि देश में कोरोना की महामारी से 95 हज़ार लोगों की जानें जा सकती हैं।

अमरीका में रोज़ाना हज़ारों नए केस सामने आ रहे हैं लेकिन सरकार इकानोमी को खोलने के कार्यक्रम बना रही है जिसे देखते हुए विशेषज्ञों का कहना है कि कोरोना वायरस की नई लहर शुरू हो सकती है।

बहरहाल अमरीका के राज्यों में मांग बढ़ रही है कि कारोबार पुनः खोला जाए क्योंकि देश में बेरोज़गारों की संख्या बढ़कर 3 करोड़ 33 लाख से अधिक हो गई है जो अमरीका की कुल आबादी का लगभग 15 प्रतिशत भाग है।