मोहसिन रेज़ाई ने क़तर के अलजज़ीरा टीवी चैनल को साक्षात्कार देते हुए कहा कि ट्रम्प ने अपने एक बयान में यह ज़रूर कहा है कि फ़ार्स खाड़ी में ईरान की युद्धक नौकाओं को निशाना बनाने का उन्होंने आदेश दे दिया है लेकिन इस बयान की हैसियत प्रचार से ज़्यादा कुछ नहीं है, इलाक़े में अमरीका के सारे ठिकानें हमारी आंख के सामने हैं जैसे ही हमें अपनी राष्ट्रीय सुरक्षा ख़तरे में नज़र आई अमरीकी ठिकानों पर मिसाइलों की बरसात शुरू हो जाएगी।
मोहसिन रेज़ाई ने कहा कि हम अमरीका से कोई जंग शुरू नहीं करेंगे लकिन वाशिंग्टन ने कोई युद्ध छेड़ा तो वह युद्ध कब और कैसे समाप्त होगा यह फ़ैसला ईरान के हाथ में होगा।
मोहसिन रेज़ाई ने कहा कि बहुत जल्द ईरान पर हथियारों की ख़रीदारी के संबंध में लगे अंतर्राष्ट्रीय प्रतिबंध समाप्त हो जाएंगे जिसके बाद हमें हथियार ख़रीदने से कोई नहीं रोक सकेगा।
कुछ अरब सरकारें अमरीका को ग़ुंडा टैक्स अदा करती हैं, यह सरकारें शांति की हर पहल और प्रस्ताव का विरोध करती हैं और बेवजह ईरान से दुशमनी पर अड़ी हुई हैं।