13 अप्रैल 2020 - 13:56
ईरान में कोरोना से ठीक होने वालों की तादाद में आयी तेज़ी तो प्रभावित होने वालों की रफ़्तार में आयी कमी

ईरान में कोरोना वायरस से ठीक होने वालों की तादाद एक ओर जहां बढ़ रही हैं, वहीं प्रांतों में इससे पीड़ित होने वालों की रफ़्तार में कमी आयी है।

स्वास्थ्य मंत्रालय ने देश में कोरोना वायरस से प्रभावित होने वालों की तादाद 73 हज़ार 303 बताते हुए कहा कि अब तक 45 हज़ार 983 लोग ठीक होकर अस्पताल से छुट्टी पा चुके हैं।

ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय के जनसंपर्क अधिकारी कियानूश जहान्पूर ने सोमवार को प्रेस कान्फ़्रेंस में देश में कोरोना से प्रभावित होने वालों की रफ़्तार में कमी आने की ओर इशारा करते हुए कहा कि पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस से प्रभावित होने के 1 हजार 617 नए मामले सामने आए हैं।

उन्होंने इसी तरह बताया कि पिछले चौबीस घंटे में 111 लोगों की मौत हुयी है। इस तरह रिपोर्ट मिलने तक ईरान में इस वायरस से मरने वालों की कुल तादाद 4 हज़ार 585 हो चुकी थी।

रिपोर्ट मिलने तक दुनिया में कोरोना वायरस से प्रभावित होने वालों की तादाद 18 लाख 62 हज़ार से ज़्यादा हो चुकी है। इसी तरह इस वायरस से अब तक 1 लाख 14 हज़ार 982 मौतें हो चुकी हैं जबकि ठीक होने वालों की तादाद 4 लाख 31 हज़ार 732 है।   

अमरीका कोरोना वायरस से सबसे ज़्यादा प्रभावित देश है, जहां रिपोर्ट मिलने तक इस वायरस से मरने वालों की तादाद 22 हज़ार को पार कर गयी है, जबकि 32 हज़ार से ज़्यादा ठीक हुए हैं और प्रभावित होने वालों की तादाद 5 लाख 60 हज़ार से ज़्यादा है।