सूरए अहज़ाब की आयत क्रमांक 30 और 31 का अनुवादः
हे नबी की पत्नियो! तुममें से जो भी खुला अनुचित कर्म करे तो उसके लिए दंड दोहरा होगा और यह ईश्वर के लिए बहुत सरल है। और तुममें से जो कोई ईश्वर और उसके पैग़म्बर के समक्ष विनम्र रहे और सद्कर्म करे, तो उसे हम दोहरा प्रतिफल प्रदान करेंगे और उसके लिए हमने (स्वर्ग में) सम्मानित आजीविका तैयार कर रखी है।
संक्षिप्त टिप्पणी:
अच्छे या बुरे कर्म के प्रचलन में तुम्हारे कर्मों का बहुत अधिक प्रभाव है। यही कारण है कि तुम्हारा दंड या पारितोषिक भी साधारण लोगों की तरह नहीं है क्योंकि एक ओर तुम पैग़म्बरे इस्लाम के घर में रहती हो और धार्मिक आदेशों से अवगत हो और दूसरी ओर तुम अन्य महिलाओं के लिए आदर्श हो।
इन आयतों से मिलने वाले पाठ:
- ईश्वर की ओर से दिए जाने वाले दंड या पारितोषिक में लोगों के ज्ञान का स्तर भी प्रभावी है और समाज में उनके प्रभाव का स्तर भी।
- ईश्वरीय व्यवस्था में धार्मिक नेताओं यहां तक कि स्वयं पैग़म्बर से रिश्तेदारी भी किसी व्यक्ति के लिए अलग से कोई अधिकार उत्पन्न नहीं करती बल्कि इस प्रकार के लोगों के ग़लत कामों का दंड दुगना हो जाता है।
- प्रतिष्ठित लोगों के पाप और बुरे कर्म, साधारण लोगों के पापों से भिन्न होते हैं।
- दूसरे शब्दों में कभी कभी उनका छोटा सा पाप भी साधारण लोगों के बड़े पाप से बड़ा होता है।
- ग़लत कर्म पर उन्हें मिलने वाला दंड दूसरों से अधिक है।