28 मार्च 2020 - 13:24
भारतीय मूल के बाप बेटी की कोरोना से मौत, वायरस ने बाप की जान ली और 24 घंटे के बाद बेटी ने भी दम तोड़ दिया

ब्रिटेन में हीथ्रो एयरपोर्ट के एमीग्रेशन अफ़सर सुधीर शर्मा कोरोना की चपेट में आकर दम तोड़ गए जबकि 24 घंटे बाद उनकी बेटी पूजा की भी कोरोना से ही मौत हो गई।

द सन की रिपोर्ट के अनुसार टर्मिनल 3 पर काम करने वाले 61 साल के सुधीर शर्मा और उनकी 33 वर्षीय फ़ार्मिस्ट बेटी पूजा कोरोना से संक्रमित हो गए थे।

एयरपोर्ट के अधिकारियों का कहना है कि सुधीर शर्मा एयरपोर्ट पर ड्यूटी के दौरान कोरोना से संक्रमित नहीं हुए बल्कि उन्हें यह वायरस कहीं और से लगा क्योंकि वह आख़िरी बार 7 जनवरी को ड्यूटी पर आए थे।

एयरपोर्ट के अधिकारियों ने बताया कि सुधीर की विधवा अपने पति और बेटी के अंतिम संस्कार में भी हिस्सा नहीं ले सकतीं जो खेदजनक है।

सुधीर शर्मा की बेटी पूजा लंदन के ईस्ट बर्न डिस्ट्रिक हास्पिटल में फ़ार्मिस्ट थीं, निधन से कुछ ही दिन पहले उनके कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई थी जिसके बाद उनका इलाज चल रहा था।