26 मार्च 2020 - 13:31
ईरान, 10 हज़ार से अधिक कोरोना से हुए ठीक, पिछले 24 घंटे में 157 लोगों की मौत

ईरान में कोरोना वायरस से ग्रस्त लोगों की संख्या लगभग 29,406 हो गई है जिनमें से लगभग 10 हज़ार से अधिक लोगों को बचाया जा चुका है जबकि पिछले 24 घंटों में इस वायरस के कारण 157 लोग मर गए हैं।

ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय के जनसंपर्क विभाग के प्रमुख कियानूश जहानपूर ने बताया है कि अबतक देश में 29,406 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं जबकि 10,457 लोगों का सफलतापूर्वक उपचार किया जा चुका है। उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए बताया कि अब तक देश में कोरोना वायरस से संक्रमण के कारण 2234 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि पूरे देश में 5 करोड़ से अधिक लोगों का चेकअप किया जा चुका है।

कोरोना वायरस चीन के अलावा दुनिया के 197 से अधिक देशों तक पहुंच चुका है।  अंतिम सूचना के अनुसार इस वायरस से पूरी दुनिया में 4 लाख 68 हज़ार 680 से अधिक लोग संक्रमित हो चुके हैं। पूरी दुनिया में एक लाख 5 हज़ार 709 से अधिक लोगों का सफल उपचार किया जा चुका है जबकि 21 हज़ार 464 लोग कोरोना वायरस के कारण अपनी जान से हाथ धो चुके हैं। चीन में इस वायरस से 3,287, इटली में 7,503, स्पेन में 4,089, फ़्रान्स में 1131, अमरीका में 857, ब्रिटेन में 422, दक्षिणी कोरिया में 131, हॉलैंड में 356, जर्मनी में 149, स्वीज़रलैंड में 103, बेल्जियम में 122, और जापान में 45 लोग मारे जा चुके हैं।