22 मार्च 2020 - 13:55
ईरान, लगभग 8 हज़ार लोगों की अस्पताल से छुट्टी, 24 घंटे में 129 की मौत

ईरान में कोरोना वायरस से ग्रस्त लोगों में से लगभग आठ हज़ार लोगों को बचाया जा चुका है जबकि पिछले 24 घंटों में इस वायरस के कारण 129 लोग मर गए हैं।

ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय के जनसंपर्क विभाग के प्रमुख कियानूश जहानपूर ने बताया है कि अब तक देश में 21,638 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं जबकि एक तिहाई से अधिक लोगों का सफलतापूर्वक उपचार किया जा चुका है।

उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए बताया कि अब तक देश में कोरोना वायरस से संक्रमित 7,913 लोगों का उपचार करके उन्हें स्वस्थ हालत में घर वापस भेजा जा चुका है। उन्होंने बताया कि पिछले 24 घंटों में 129 लोग कोविड-19  के कारण मर चुके हैं और देश में मरने वालों की कुल संख्या 1,685 हो गई है। जनता, चिकित्सा विभाग और सशस्त्र बलों के सहयोग से ईरान में इस वायरस को तेज़ी से नियंत्रित किया जा रहा है।

कोरोना वायरस चीन के अलावा दुनिया के 185 से अधिक देशों तक पहुंच चुका है और अंतिम सूचना के अनुसार इस वायरस से पूरी दुनिया में 2 लाख 97 हज़ार 100 से अधिक लोग संक्रमित हो चुके हैं। पूरी दुनिया में 89,309 लोगों का सफल उपचार किया जा चुका है जबकि 13,332 लोग कोरोना वायरस के कारण अपनी जान से हाथ धो चुके हैं। चीन में इस वायरस से 3,261, इटली में 4,825, स्पेन में 1720, फ़्रान्स में 562, अमरीका में 324, ब्रिटेन में 233, दक्षिणी कोरिया में 104, हॉलैंड में 106, जर्मनी में 46, स्वीज़रलैंड में 56, बेल्जियम में 37, इंडोनेशिया में 48 और जापान में 45 लोग मारे जा चुके हैं।