20 मार्च 2020 - 17:06
शादी से मची तबाही, दर्जनों रिश्तेदारों में फैला कोरोना, एक एक से माफ़ी मांग रहा है दूल्हा, विदेश यात्रा से लौटी दुल्हन पर कोरोना

जार्डन की एक घटना इस समय अरब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है। जार्डन में एक शादी के बाद दूल्हा और दुल्हन को कोरोना संक्रमित पाया गया और जांच से पता चला कि उनके लगभग सारे रिश्तेदारों में संक्रमण फैल गया।

दूल्हे ने अपने फ़ेसबुक पेज पर एक वीडियो अपलोड किया है जिसमें उसने रिश्तेदारों से माफ़ी मांगी है और साथ ही आम लोगों से अपील की है कि घरों में रहें बाहर न निकलें। उसने विशेष रूप से शादी में हिस्सा लेने वाले सभी 400 लोगों से कहा है कि वे घर में रहें और जैसे ही लक्षण देखें तत्काल अस्पताल जाएं। उसने कहा कि जो कुछ हुआ उसे मेरी ग़लती नहीं बल्कि क़िस्मत समझ कर माफ़ किया जाए।

दूल्हें ने कहा कि उसकी तमन्ना है कि किसी को भी यह बीमारी न लगे बल्कि इसके बदले मुझे मौत आ जाए। क़ुसै तलाफ़हा नाम का युवा उत्तरी लेवा अलमज़ार नामक इलाक़े का रहने वाला है।

इस विवाह पर जार्डन में बड़ा हंगामा मचा क्योंकि स्वास्थ्य मंत्रालय ने पुष्टि की कि विवाह में भाग लेने वालों में कम से कम सात लोग कोरोना से संक्रमित पाए गए हैं जबकि दर्जनों लोगों के बारे में कोरोना संक्रमण का संदेह है।

दूल्हा दुल्हन और उनके घर वालों की इसलिए आलोचना की जा रही है कि उन्होंने कोरोना वायरस फैले होने के बावजूद पारम्परिक अंदाज़ में शादी की।

शादी से पहले दुल्हन और उसके पिता स्पेन की यात्रा करके लौटे थे और संदेह है कि उन्हीं से यह वायरस बाक़ी लोगों में फैला।