19 मार्च 2020 - 18:32
धार्मिक लोगों ने कोरोना वायरस को किस नज़र से देखा और क्या किया? मगर योगी सरकार कराएगी मेले का आयोजन, भाजपा कार्यकर्ता गौमूत्र पी

कोरोना वायरस से फैली महामारी ने दुनिया भर में धार्मिक और आध्यात्मिक कार्यक्रमों को प्रभावित किया है मगर इस बीच कुछ तत्व वह हैं जो अड़ियल रवैया अपना रहे हैं।

जब कोरोना वायरस फैला तो बौद्ध धर्म के मानने वाले लोग नए लुनर साल का जश्न मनाने की तैयारी में थे मगर कोरोना वायरस फैलने के कारण सारे मंदिर और मठ बंद करने पड़े। हांग कांग में एक मंदिर ने जल्दी अपने दरवाज़े न बंद करने पर माफ़ी मांगी क्योंकि वहां जाने वाले 19 श्रद्धालु कोरोना से संक्रमित पाए गए।

ताइवान में बौद्धों के कार्यक्रम आनलाइन दिखाए जा रहे हैं ताकि लोग अपने घर में बैठकर यह कार्यक्रम देखें और किसी एक स्थान पर एकत्रित न हों।

तिब्बत में सुगलगख़ांग काम्पलेक्स जहां तिब्बती बुद्धिज़्म के धार्मिक स्थल हैं बुधवार को बंद कर दिया जो 15 अप्रैल तक बंद रहेगा।

दुनिया भर में ईसाई धर्म के लोग भी कोरोना के कारण बहु व्यथित हैं। इटली में यह बीमारी बहुत भयानक रूप से फैली है। वैटिकन सिटी का हाल यह है कि चारों तरफ़ सन्नाटा पसरा हुआ है। रोम सरकार ने सारे सामूहिक कार्यक्रम बंद कर दिए हैं।

हिंदुइज़्म की बात की जाए तो सिंगापुर में हिंदू धर्म के लोगों ने सालाना पंगुनी उथीराम फ़ेस्टिवल कैंसल कर दिया है। इस कार्यक्रम में भाग लेने के लिए हर साल 10 से 15 हज़ार श्रद्धालु एकत्रित होते हैं।

भारत के मुंबई शहर में बहुत भीड़भाड़ वाला सिद्धिविनायक मंदिर बंद कर दिया गया है। जबकि महाराष्ट्र में तुलजाभवानी मंदिर में बहुत अधिक श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मंदिर को बंद करना पड़ा। इस बीच उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने चौंकाने वाला फ़ैसला किया है।

उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने राम नवमी के अवसर पर अयोध्या में एक भव्य कार्यक्रम के आयोजन को मंजूरी दी है। राम नवमी मेले का आयोजन 25 मार्च से 2 अप्रैल को होगा जिसमें लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ के इकट्ठा होने की उम्मीद जताई जा रही है। राज्य सरकार ने इस मेले के आयोजन का फैसला इसे आयोजित न कराने की पेशेवर सलाह मिलने के बाद भी किया है। अयोध्या के मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने सरकार से कोरोना वायरस महामारी के मद्देनजर इस कार्यक्रम को रद्द करने का अनुरोध किया था। डेक्कन हेराल्ड के अनुसार, उत्तर प्रदेश के मुख्य चिकित्सा अधिकारी घनश्याम सिंह ने कहा था, ‘हमारे पास इतनी बड़ी संख्या में लोगों की जांच करने के लिए आवश्यक संसाधन नहीं हैं।

कोरोना वायरस के मामले में भाजपा के अंध विश्वास की एक और घटना भी सामने आई है। पश्चिम बंगाल राज्य में गोमूत्र सेवन कार्यक्रम आयोजित करने वाले भाजपा के एक कार्यकर्ता को पुलिस को गिरफ़तार करना पड़ा। पुलिस ने बुधवार को कहा कि भाजपा कार्यकर्ता ने दावा किया था कि गोमूत्र के सेवन से कोरोना वायरस से बचा जा सकता है और पहले से संक्रमित लोग भी इससे ठीक हो जाएंगे, हालांकि, गोमूत्र के सेवन के बाद एक स्वयंसेवी ही बीमार पड़ गया था। पुलिस ने कहा कि पीड़ित की शिकायत के बाद भाजपा कार्यकर्ता को मंगलवार देर रात गिरफ्तार किया गया था।

इस्लाम की बात की जाए तो कोरोना वायरस के कारण उमरह को रोक दिया गया है और यदि इस वायरस पर कंट्रोल न हुआ तो हज के रद्द कर दिए जाने की भी आशंका है। मस्जिदों में सामूहिक नमाज़ रोक दी गई है और लोगों से कहा जा रहा है कि वह घर में नमाज़ पढ़ें।

ईरान में भी कई धार्मिक स्थल हैं जिनके दरवाज़ें बंद कर दिए गए हैं। ईरान में पवित्र नगरों मशहद और क़ुम सहित अनेक शहरों में धार्मिक स्थलों और मस्जिदों में श्रद्धालुओं को एकत्रित होने से रोक दिया गया है। कुछ ज़िद्दी और अड़ियल स्वभाव के लोगों ने विशेषज्ञों और अधिकारियों की सिफ़ारिशों को नज़रअंदाज़ करने की कोशिश की जिसकी आलोचना की गई। ब्रिटेन द्वारा समर्थित एक कट्टरपंथी शीया गुट से प्रभावित एक व्यक्ति ने एक धार्मिक स्थल पर जाकर वहां क़ब्र पर बनी ज़रीह की जाली को चाटते हुए अपनी वीडियो बनाई और उसे सोशल मीडिया पर डाला जबकि एक स्थान पर बंद कर दिए गए धार्मिक स्थल के दरवाज़े पर एकत्रित होकर कुछ नासमझ लोगों ने ज़बरदस्ती दरवाज़ा खुलवाने की कोशिश मगर उन्हें कामयाबी नहीं मिली।

ईरान में धर्मगुरुओं का कहना है कि इस्लाम धर्म ज्ञान और विज्ञान सीखने और उस पर अमल करने के लिए लोगों को प्रोत्साहित करता है।

(इनपुटस रशा टुडे और दि वायर से)