उत्तर प्रदेश में 10 से अधिक कोरोना वायरस के पॉज़िटिव लोगों की पहचान की जा चुकी है जबकि सैकड़ों लोगों पर निगरानी रखी जा रही है।
कोरोनावायरस के बढ़ते हुए प्रकोप को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को बैठक बुलाई थी। बैठक में कोरोना वायरस के नियंत्रण को लेकर चल रहे कार्यों की समीक्षा की गई। साथ ही कई ज़रूरी दिशा-निर्देश जारी किए गए।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हम डेढ़ माह पहले से ही तैयारी कर रहे थे। 24 मेडिकल कॉलेज में 448 बेड रिज़र्व रखे गए हैं। बचाव पर ध्यान देने की जरूरत है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में अभी तक कोरोना वायरस के 11 संदिग्ध मामले सामने आए हैं, जिनमें से सात आगरा, दो ग़ाज़ियाबाद, एक नोएडा तथा एक लखनऊ का मामला है।
इनमें से 10 का उपचार दिल्ली के सफ़दरजंग अस्पताल में तथा एक का उपचार लखनऊ के केजीएमयू में चल रहा है।
कोरोना के दृष्टिगत बेसिक शिक्षा से लेकर उच्च शिक्षा तक के सभी शिक्षण संस्थान बंद रहेंगे। 23 मार्च को समीक्षा के बाद आगे निर्णय लिया जाएगा।