8 मार्च 2020 - 17:29
पूरी दुनिया में कोरोना से संक्रमण और मरने वालों की तादाद बढ़ी, सामने आई इस घातक वायरस की अस्ल तस्वीर

पूरी दुनिया में कोविड-19 के नाम से मशहूर घातक वायरस से संक्रमण के मामलों और मरने वालों की संख्या में वृद्धि निरंतर जारी है।

ताज़ा आंकड़ों के अनुसार इस समय पूरी दुनिया में लगभग एक लाख छः हज़ार लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं जिनमें से 58 हज़ार 600 को उपचार के बाद इस वायरस से मुक्त कराया जा चुका है। पूरी दुनिया में कोविड-19 के नाम से कुख्यात यह वायरस अब तक 3,648 लोगों की जान ले चुका है जिनमें सबसे अधिक चीन में हैं जहां इस वायरस से संक्रमण के कारण अब तक 3,097 लोग मर चुके हैं जबकि 54,000 से अधिक लोगों को बचाया जा चुका है। चीन के डाॅक्टरों ने टेलिस्कोप के माध्यम से कोरोना का वास्तविक चित्र भी हासिल कर लिया है।

 

इटली में लगभग 6,000 लोग इस वायरस से संक्रमित हैं और 233 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। ईरान में भी लगभग 6,000 लोग कोरोना की चपेट में आ चुके हैं जिनमें से 194 की मौत हो चुकी है। ईरान में लगभग 1700 लोगों को इस घातक वायरस से मुक्त कराया जा चुका है। दक्षिणी कोरिया में लगभग 7,500 कोरोना से संक्रमित हैं और पचास लोगों की मौत हो चुकी है। अमरीका, में 19, फ़्रान्स में 16, स्पेन में 8, जापान में 6, ब्रिटेन में 2 और आस्ट्रेलिया में तीन लोग कोरोना वायरस का शिकार हो कर मौत की नींद सो चुके हैं।

 

भारत में कोरोना वायरस से संक्रमण के कई नए मामले सामने आए हैं और इस देश में कोरोना वायरस की चपेट में आने वाले लोगों की संख्या 39 हो गई है। उत्तर प्रदेश और राजस्थान के बाद केरल और चेन्नई में भी कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों को चिन्हित किया गया है।