यिस्राईल काट्ज़ ने एक टीवी इंटरव्यू में कहा कि सभी नेता एक दूसरे से बात कर रहे हैं और हम उन्हें इस्राईल के दृष्टिकोण से अवगत करा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस्राईल में कोरोना वायरस बुरी तरह से फैलने वाला है, हम उसे रोक नहीं पाएंगे और उसके बाद पूरे इस्राईल में जीवन शैली बदलनी होगी। ज़ायोनी विदेश मंत्री ने कहा कि हम लोगों को यात्राओं को सीमित कर रहे हैं और इससे हमारे दो लक्ष्य हैं, एकः लोगों की जान बचाना और दूसरेः बीमारी को फैलने से रोकना। ज़ायोनी शासन ने कई देशों के नागरिकों के इस्राईल में आगमन पर प्रतिबंध लगा दिया है और इन देशों से लौटने वाले अपने दसियों हज़ार नागरिकों को आदेश दिया है कि वे दो हफ़्ते तक अपने घरों में ही रहें।
यिस्राईल काट्ज़ ने इस इंटरव्यू में कहा कि इस्राईल में कोविड-19 या कोरोना वायरस के फैलने के कारण अन्य देश अपनी सीमाएं इस्राईली नागरिकों के लिए बंद कर देंगे। यह ऐसी स्थिति में है कि अमरीका व इस्राईल के बीच यात्रा पर प्रतिबंध नहीं लगाया गया है जबकि अमरीका में अब तक कोरोना वायरस से संक्रमण के कारण 11 लोग मारे जा चुके हैं और केलीफ़ोर्निया राज्य में इमरजेंसी घोषित कर दी गई है। काट्ज़ ने कहा कि इस्राईल व अमरीका के बीच आने जाने पर प्रतिबंध न लगाने का फ़ैसला राजनीति से प्रेरित नहीं है और हम राजनैतिक हितों के लिए नागरिकों की जान ख़तरे में नहीं डालेंगे। उनका कहना था कि अमरीका में कोरोना का फैलाव अभी अधिक गंभीर नहीं है।
ज़ायोनी विदेश मंत्री ने इसी तरह इस्राईल में रहने वाले सभी लोगों से अपील की है कि वे स्वास्थ्य मंत्रालय के अधिकारियों के आदेशों का पालन करें। इस बीच ज़ायोनी सेना ने गुरुवार को अमरीकी सेना के साथ होने वाले संयुक्त सैन्य अभ्यास को रद्द कर दिया है। इससे पहले इटली में तैनात अमरीकी सैनिकों के साथ ज़ायोनी थल सेना के सैन्य अभ्यास भी रद्द कर दिए गए थे। ज़ायोनी सेना के प्रवक्ता ने बुधवार की रात बताया था कि इस्राईल के सेनाध्यक्ष ने कोरोना वायरस से संक्रमण के भय से अपना अमरीका का दौरा रद्द कर दिया है। इस समय इस्राईल में कम से कम 10 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हैं जबकि 5630 लोगों को कैरैनटाइन में रखा गया है जिनमें से 334 सैनिक हैं।