3 मार्च 2020 - 16:26
दिल्ली दंगों पर ईरान की प्रतिक्रिया, ईरानी राजदूत भारतीय विदेशमंत्रालय में तलब, ईरान से ऐसी उम्मीद नहीं

भारत ने दिल्ली हिंसा के बारे में ईरान के विदेश मंत्री मुहम्मद जवाद जरीफ़ द्वारा की गई टिप्पणी पर कड़ी आपत्ति जताते हुए मंगलवार को ईरान के राजदूत अली चगीनी को तलब किया

भारत के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने कहा कि ईरान के राजदूत को यह बताया गया कि दिल्ली की घटनाओं पर विदेशमंत्री जवाद जरीफ़ का 'चुनिंदा और पक्षपातपूर्ण' बयान अस्वीकार्य है।

पत्रकारों से बात करते हुए भारत के विदेशमंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने कहा कि भारत, ईरान जैसे देश से ऐसे बयान की उम्मीद नहीं करता है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में ईरान के राजदूत को मंगलवार को तलब किया गया और ईरान के विदेश मंत्री द्वारा अवांछनीय टिप्पणी किए जाने पर कड़ा विरोध जताया गया।

ज्ञात रहे कि विदेशमंत्री मोहम्मद जवाद ज़रीफ़ ने सोमवार की शाम को ट्वीट करके भारतीय अधिकारियों का आह्वान किया है कि वे समस्त भारतीयों की सुरक्षा को सुनिश्चित बनायें और अर्थहीन मानव हत्या को जारी रहने की अनुमति न दें। ईरान के विदेशमंत्री मोहम्मद जवाद ज़रीफ़ ने भारत की राजधानी दिल्ली में मुसलमानों के खिलाफ होने वाली सुनियोजित हिंसा की निंदा की है और बल देकर कहा है कि ईरान सदियों से भारत का मित्र रहा है।